मध्य प्रदेश में लोकसभा की 29 सीटों में से भोपाल, गुना, सागर, विदिशा, राजगढ़, होशंगाबाद, बैतूल, सागर की सीटें भी शामिल हैं। इन सीटों पर मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस का है। इन सीटों में से भी गुना, राजगढ़ और विदिशा सबसे हॉट सीट हैं। गुना से केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, राजगढ़ से दिग्विजय सिंह और विदिशा सीट से पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान जैसे दिग्गजों की साख दांव पर है। विदिशा सीट से शिवराज पहले भी सांसद रह चुके हैं। देखना होगा कि जनता उन्हें चुनती है या नहीं। दूसरी तरफ, दिग्विजय सिंह के भी राजनीतिक करियर के लिए यह परिणाम एक प्रकार से निर्णायक हो सकता है। सुबह आठ बजे सभी केंद्रों पर मतगणना आरंभ हुई।
होशंगाबाद में भाजपा प्रत्याशी 34 हजार वोटों से आगे
होशंगाबाद संसदीय सीट पर भाजपा प्रत्याशी दर्शन सिंह चौधरी ने अपनी बढ़त और मजबूत कर ली है। अब तक प्राप्त नतीजों के मुताबिक दर्शन सिंह चौधरी 61569 मतों के साथ अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से 34190 मतों से आगे चल रहे हैं। दूसरे नंबर पर कांग्रेस प्रत्याशी संजय शर्मा हैं, जिन्हें 27379 वोट मिले हैं।
भाजपा प्रत्याशी आलोक शर्मा 15000 से ज्यादा मतों से आगे
भोपाल सीट पर हो रही मतगणना में शुरुआती चरण से ही आगे चल रहे भाजपा प्रत्याशी आलोक शर्मा ने अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है। उन्हें अब तक 54554 वोट मिले हैं, वहीं उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के अरुण श्रीवास्तव को 38872 वोट मिले हैं।
भाजपा प्रत्याशी शिवराज चौहान 96 हजार वोटों से आगे
मध्य प्रदेश के विदिशा लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशी शिवराज सिंह चौहान कांग्रेस प्रत्याशी प्रताप भानु शर्मा से 96 हजार 75 वोटों से आगे चल रहे है।
दिग्विजय सिंह 10 से ज्यादा मतों से पिछड़े
राजगढ़ सीट से कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह पिछड़ गए हैं। अब तक के रुझानों के मुताबिक दिग्विजय सिंह को 44102 मत मिले हैं, वहीं भाजपा के प्रत्याशी रोडमल नागर को 54992 मत मिले हैं। इस तरह भाजपा उम्मीदवार 10890 मतों से आगे चल रहे हैं।
अशोकनगर में सिंधिया आगे
अशोकनगर जिले की तीन विधानसभा क्षेत्रो में दूसरे राउंड की गिनती के बाद अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी यादवेंद्र सिंह से 15199 वोट से आगे चल रहे हैं। बीजेपी प्रत्याशी को मिले 34462 वोट, कांग्रेस प्रत्याशी को मिले 19263 वोट।