Home » ‘संप्रभुता’ शब्द के इस्तेमाल पर बुरी तरह घिरी सोनिया गांधी, भाजपा ने चुनाव आयोग से कार्रवाई की मांग की

‘संप्रभुता’ शब्द के इस्तेमाल पर बुरी तरह घिरी सोनिया गांधी, भाजपा ने चुनाव आयोग से कार्रवाई की मांग की

कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की मुश्किल बढ़ती जा रही है। बजरंग दल पर प्रतिबंध से शुरू हुई यह मुश्किल नेताओं के बयानबाजी से घिरने तक पहुंच चुकी है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ की गई बयानबाजी से पार्टी अभी उबर भी नहीं पायी थी कि नया मामला सोनिया गांधी का आ गया। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने चुनाव प्रचार के दौरान कर्नाटक की संप्रभुता की बात कर भाजपा को चुनाव प्रचार के आखिरी दिन बहुत बड़ा हथियार थमा दिया। भाजपा ने कांग्रेस के इस गलती के खिलाफ चुनाव आयोग तक का दरवाजा खटखटा दिया है।
भाजपा ने कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ केंद्रीय चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई है। भाजपा ने सोनिया गांधी द्वारा कर्नाटक की संप्रभुता संबंधी टिप्पणी के खिलाफ उन पर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही भाजपा ने कांग्रेस के इस बयान के लिए पार्टी पर प्रतिबंध लगाने की भी मांग चुनाव आयोग से की है।
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के नेतृत्व में भाजपा नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने आयोग से मुलाकात कर सोनिया के खिलाफ एक ज्ञापन पत्र सौंपा। इस प्रतिनिधिमंडल में भाजपा महासचिव तरुण चुघ, भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक अनिल बलूनी और ओम पाठक शामिल रहे। इस बाबत भूपेंद्र यादव ने कहा कि सोनिया गांधी की टिप्पणी देश की संप्रभुता और अखंडता के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने जानबूझकर ऐसे शब्द का इस्तेमाल किया, जो देश विरोधी है। उनकी घोषणा पत्र टुकड़े-टुकड़े गैंग का एजेंडा है और भारत को कमजोर करने का एजेंडा भी है। इसलिए कांग्रेस नेता इस प्रकार के शब्द और मानसिकता का प्रयोग कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस पर भाजपा के खिलाफ झूठा प्रचार करने का भी आरोप लगाया। सनद रहे कि सोनिया ने बीते शनिवार को हुबली की एक रैली में कहा था कि कांग्रेस किसी को भी कर्नाटक की “प्रतिष्ठा, संप्रभुता या अखंडता” के लिए खतरा पैदा करने की अनुमति नहीं देगी। सोनिया की इस टिप्पणी पर केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे ने कहा कि यह चौंकाने वाला बयान है. यह पूरी तरह अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों की उल्लंघन किया है। उन्होंने आयोग से इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
नड्डा ने भी साधा निशाना
सोनिया गांधी को लेकर भाजपा जबरदस्त तरीके से हमलावर है। सोनिया गांधी के बयान पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने साफ तौर पर कहा कि उन्होंने जो संप्रभुता की बात कही है ये कांग्रेस पार्टी के सोच के मानसिक दिवालियापन का नतीजा है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वोट के खातिर कुछ भी बोलना और कुछ भी कहना ये बहुत ही निंदनीय है और चिंताजनक है। नड्डा ने कहा कि वो भी सांसद रही हैं और अभी भी हैं। अगर कर्नाटक की संप्रभुता की बात करे तो कर्नाटक के हजारों लाखों लोगों ने जो आजादी की लड़ाई भारत के लिए लड़ी। सोनिया गांधी का यह बयान उनका अपमान है लेकिन ये लोगों को खुश करने के लिए इस तरह के शब्द उपयोग कर रही हैं।

Swadesh Bhopal group of newspapers has its editions from Bhopal, Raipur, Bilaspur, Jabalpur and Sagar in madhya pradesh (India). Swadesh.in is news portal and web TV.

@2023 – All Right Reserved. Designed and Developed by Sortd