Home » शराब घोटाले में भाजपा ने कांग्रेस पर साधा निशाना कहा- अनवर ढ़ेबर से रिश्ते का खुलासा करें मुख्यमंत्री बघेल

शराब घोटाले में भाजपा ने कांग्रेस पर साधा निशाना कहा- अनवर ढ़ेबर से रिश्ते का खुलासा करें मुख्यमंत्री बघेल

छत्तीसगढ़ में दो हजार रुपए के शराब घोटाले की आंच दिल्ली तक पहुंच गई है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्यवाही के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत कांग्रेस के कई नेता भाजपा के निशाने पर आ गए हैं। भाजपा ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से कहा कि गिरफ्तार अनवर ढेबर से अपने रिश्ते का खुलासा करे। भाजपा ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी से भी इस मामले पर जवाब मांगा है।
भाजपा मुख्यालय में पार्टी प्रवक्ता के के शर्मा ने कहा कि कांग्रेस और भ्रष्टाचार एक दूसरे के पर्याय हैं। उन्होंने कहा कि मार्च 2023 में ईडी ने 35 स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया था। इसमें जो तथ्य सामने आये, उनसे छत्तीसगढ़ के शराब घोटाले का पर्दाफाश हुआ है। लगभग दो हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की धनराशि इस घोटाले में अनुमानित है। उन्होंने कहा कि ईडी की जांच में जो तथ्य सामने आये हैं उसमें स्पष्ट होता है कि इसका मुख्य सरगना अनवर ढेबर था, जिसकी बाद में गिरफ्तारी भी हुई है। अनवर रायपुर के मेयर का बड़ा भाई है जो मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का करीबी माने जाते हैं। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि इस घोटाले में राज्य के शीर्ष अधिकारियों और राजनेताओं की भी मिलीभगत है। उन्होंने मुख्यमंत्री बघेल से सवाल किया कि उनका और अनवर ढेबर का क्या रिश्ता है? शर्मा ने कहा कि एक सरकारी विभाग मुख्यमंत्री की नाक के नीचे घोटालेबाजों के कब्जे में आ गया और उनको इसकी जानकारी कैसे नहीं हुई? भाजपा नेता ने कहा कि आज देश अपेक्षा करता है कि भूपेश बघेल के साथ साथ राहुल गांधी और सोनिया गांधी भी इस पर अपना मुंह खोलें। सनद रहे कि ईडी ने इस मामले में दो हजार करोड़ रुपए के भ्रष्टाचार और मनी लॉन्ड्रिंग का दावा किया है। ईडी ने पूरे मामले में अनवर ढेबर के बाद अब दो और लोगों को गिरफ्तार किया है। इसमें नितेश पुरोहित और त्रिलोक सिंह ढिल्लों का नाम शामिल है। इसके साथ ईडी ने 28 करोड़ रुपए की संपत्ति सीज की है।

Swadesh Bhopal group of newspapers has its editions from Bhopal, Raipur, Bilaspur, Jabalpur and Sagar in madhya pradesh (India). Swadesh.in is news portal and web TV.

@2023 – All Right Reserved. Designed and Developed by Sortd