अगले दो दिन अधिक कोहरा हो सकता है।
बढ़ सकती है ठंड, चार डिग्री तक कम हो सकता है न्यूनतम तापमान
नई दिल्ली। सोमवार को भी दिल्ली के मौसम में कोहरे और ठंड का सितम बना हुआ है। अलबत्ता ठिठुरन थोड़ी कम रही। सुबह का तापमान सामान्य से तीन डिग्री ऊपर रहा तो एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी का स्तर आज भी कम चल रहा है। मौसम विभाग ने दिन में आंशिक तौर पर बादल छाए रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। सोमवार सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। कहीं मध्यम तो कहीं घने कोहरे के असर से आईजीआई एयरपोर्ट पर सुबह सात बजे विजिबिलिटी का न्यूनतम स्तर 50 मीटर रिकॉर्ड किया गया, जो कई घंटे तक बना रहा।
हवा की गुणवत्ता में सुधार
उधर, बारिश के असर से सोमवार को भी दिल्ली वासियों को प्रदूषित हवा से मिली आंशिक राहत बनी रही। सुबह 9 बजे दिल्ली का एक्यूआई 211 दर्ज किया गया जो खराब श्रेणी में आता है।