भोपाल। बागसेवनिया थाना इलाके में शनिवार को तीन घंटे के भीतर मोपेड सवार दो बदमाशों ने दो छात्राओं को निशाना बनाते हुए एक का पर्स व दूसरी का मोबाइल फोन लूट लिया। एक छात्रा के पर्स में साढ़े 26 हजार रुपए मौजूद थे। जबकी दूसरी छात्रा के मोबाइल फोन की कीमत करीब 19 हजार रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट का प्रकरण दर्ज कर लिया है। दो संदेहियों को हिरासत में भी ले लिया गया है। जल्द पुलिस पूरे मामले का खुलासा करने की तैयारी में है।
एएसआई रामबेनी राय के अनुसार 23 वर्षीय कृतिका बारगाह 4 ए साकेत नगर में रहती है। वह चाटर्ड अकाउंटेंट (सी.ए.)बनने के लिए पढ़ाई कर रही है। शनिवार की दोपहर को निजी कार्य से एक्टिवा पर सवार होकर घर से बाहर निकली थी। घर से कुछ ही दूरी पर मोपेड से सवार दो युवक आए। आरोपियों ने उसके कंधे पर लटका साइड बैग झपटा और फरार हो गए। बैग में दस्तावेज सहित 26 हजार 500 सौ रुपए रखे हुए थे। इसी प्रकार साकेत नगर में रहने वाली 27 वर्षीय वर्षा वर्मा मूलत: बैतूल की निवासी है। वह फिलहाल साकेत में स्थित एक किराए के मकान में रह रही है।
भोपाल की एक कोचिंग में वर्षा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है। कल दोपहर को करीब 3.15 बजे निजी कार्य से घर से पैदल निकली थी। फोन पर बात करती हुई जा रही थी। तभी मोपेड सवार युवक आए। उसके हाथ से मोबाइल फोन झपटा और फरार हो गए। लूटे गए मोबाइल फोन की कीमत करीब १९ हजार रुपए बताई जा रही है। दोनों ही मामलों में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। दोनों ही घटनाओं के सीसीटीवी फुटेज पुलिस को मिले हैं। जिसके आधार पर संदेहियों को हिरासत में लिया गया है। दोनों से पूछताछ जारी है। आज पुलिस पूरे मामले का खुलासा कर सकती है।
Two miscreants riding moped robbed two girl students in 3 hours.