भोपाल। मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार अपने मंत्रियों को दो दिवसीय प्रशिक्षण दिलवा रही है, ताकि कामकाज को लेकर किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मंत्रिमंडल में 18 मंत्री ऐसे हैं जिन्हें पहली बार मंत्री पद मिला है। ऐसे में उक्त नए मंत्रियों के साथ पुराने मंत्रियों को कामकाज कैसे करना है, सुशासन कैसे स्थापित करना है, पार्टी की रीति-नीति के साथ कैसे समन्वय बनाना है, इस संबंध में मंत्रियों को दो दिन का प्रशिक्षण भोपाल के अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विष्लेषण संस्थान में दिया जा रहा है। आज रविवार को शाम 7 बजे तक प्रशिक्षण चलेगा। आज पहले सत्र में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर शामिल हुए। श्री तोमर ने संबोधित किया है।
कल शनिवार को भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री बीएल संतोष, मुख्य संगठक वी सतीश, पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी ने मंत्रियों को प्रशिक्षण दिया था। प्रशिक्षण एवं ओरिएंटेशन प्रोग्राम का आज समापन है। आज भी मुख्यमंत्री मोहन यादव मंत्रियों के प्रशिक्षण शिविर में शामिल हुए हैं।
तोमर, विजयवर्गीय, पटेल दे रहे टिप्स
आज का प्रशिक्षण सत्र सुबह दस बजे से सुशासन एवं नीति विष्लेषण संस्थान में शुरू हो चुका है। आज ‘विधायी कार्य-प्रणाली’, ‘अवसर एवं चुनौतियां’, ‘आकांक्षाएं एवं संकल्प-भारत सरकार की अहम पहल’ एवं ‘प्रौद्योगिकी एवं सुशासन’ विषय पर सत्रों का आयोजन हो रहा है। आज इन सत्रों को मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, पंचायत एवं ग्रामीण विकास व श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, श्वेता सिंह, डॉ. विनय सहबिुद्धे, नगरीय आवास एवं विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय संबोधित कर रहे हैं।