- 2047 तक भारत को एक विकसित देश बनाने के उनके लक्ष्य में भागीदार बनने के लिए तैयार है।
- भारत 2030 से पहले दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की राह पर है।
नई दिल्ली। अमेरिका में भारतीय समुदाय के एक प्रतिष्ठित नेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की है। जयपुर फुट यूएसए के प्रमुख प्रेम भंडारी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने दुनिया में भारत का रुतबा बढ़ाया है। उन्होंने प्रवासी भारतीयों को एक नई पहचान दी है। उन्होंने कहा कि वैश्विक भारतीय प्रवासी 2047 तक भारत को एक विकसित देश बनाने के उनके लक्ष्य में भागीदार बनने के लिए तैयार है। बता दें, भंडारी राजस्थान एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका (आरएएनए) के अध्यक्ष भी हैं।
दुनिया भर में गंभीरता से लिया जा रहा है
एक साक्षात्कार में भंडारी ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत 2030 से पहले दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की राह पर है। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद से भारतीय प्रवासियों को दुनिया भर में सम्मान से देखा जा रहा है। अब भारतीय समुदाय को दुनिया भर में गंभीरता से लिया जा रहा है फिर चाहे वह अमेरिका हो या फिर सऊदी अरब। इन सब का पूरा श्रेय सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है।