प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी गुरुवार यानी 25 जनवरी को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने 19 हजार करोड़ की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। पीएम मोदी ने उद्घाटन के बाद जनसभा को भी संबोधित किया। इससे पहले मंच पर स्थानीय नेताओं ने उन्हें भगवान राम की मूर्ति भेंट की। सीएम योगी आदित्यनाथ ने पीएम नरेंद्र मोदी और राज्यपाल आनंदी पटेल का स्वागत किया।
पीएम मोदी ने कहा, “ये हमारा सौभाग्य है कि देश ने कल्याण सिंह और उनके जैसे अनेक लोगों का सपना पूरा किया है लेकिन अभी भी सशक्त राष्ट्र निर्माण का और सच्चे सामाजिक न्याय का उनका सपना पूरा करने के लिए हमें अपनी गति बढ़ानी है। इसके लिए हमें मिलकर काम करना है। अयोध्या में मैंने राम लला के सान्निध्य में कहा था कि राम लला की प्राण-प्रतिष्ठा का कार्य संपन्न हुआ अब राष्ट्र प्रतिष्ठा को नई ऊंचाई देने का समय है।”
पीएम मोदी ने कहा, आजादी के बाद के दशकों में लंबे समय तक भारत में विकास को केवल कुछ ही क्षेत्रों में सीमित रखा गया। देश का एक बहुत बड़ा हिस्सा विकास से वंचित रहा। उसमें भी उत्तर प्रदेश जहां देश की सबसे अधिक आबादी बसती थी, उस पर उतना ध्यान नहीं दिया गया। ये इसलिए हुआ, क्योंकि लंबे समय तक यहां सरकार चलाने वालों ने शासकों की तरह बर्ताव किया। जनता को अभाव में रखने का, समाज में बंटवारे का रास्ता, उनको सत्ता पाने का सबसे सरल माध्यम लगा। इसकी कीमत उत्तर प्रदेश की अनेक पीढ़ियों ने भुगती है, लेकिन साथ-साथ देश को भी इसका बहुत बड़ा नुकसान हुआ है।