मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने पर सत्ता पक्ष जश्न मना रही हैं। वहीं कांग्रेस मोदी सरकार को घेरने के लिए 9 सवालों की लिस्ट लेकर आयी है। कांग्रेस के सवालों के जवाब में भाजपा ने यूपीए के शासनकाल में हुए घोटालों की लिस्ट थमा दी है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने पर 9 सवाल पूछे हैं, लेकिन वो झूठ का बड़ा पुलिंदा है। ये कांग्रेस की बेशर्मी की पराकाष्ठा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की आलोचना करे। लेकिन उन लाखों सेवाकर्मियों, डॉक्टर, नर्स, सफाई कर्मचारी, एम्बुलेंस चलाने वालों का अपमान न करे, जिन्होंने कोविड काल में देश को बचाने की कोशिश की। रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि जिसके शासनकाल में 2जी घोटाला, कॉमनवेल्थ घोटाला, आदर्श घोटाला, बोफोर्स, अंतरिक्ष घोटाला, हेलीकॉप्टर घोटाला जैसे कई बड़े-बड़े घोटाले हुए। वह कांग्रेस सवाल पूछ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने लिए 4सी ग्रेडिंग चुनी है। कट, कमीशन, करप्शन और कांग्रेस। यही कांग्रेस है। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत आज दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। आज 16 हजार करोड़ रुपए का रक्षा के क्षेत्र में निर्यात हो रहा है। भारत मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग में दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मैन्युफैक्चरर बन गया है। भारत में डिजिटल पेमेंट का आंकड़ा 10 बिलियन डॉलर का है। उन्होंने कहा कि चाहे डिजिटल इंडिया हो, डिजिटल पेमेंट हो, जीएसटी, मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग, सड़क, एयरपोर्ट, बिजली के क्षेत्र में तेजी से काम हुआ है। आज भारत विकास के हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। लेकिन कांग्रेस को ये सब नहीं दिखता है। उन्होंने चीन के मुद्दे पर भी कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि ताज्जुब की बात है कि कांग्रेस राष्ट्रीय सुरक्षा पर सवाल पूछ रही है। कांग्रेस को याद रखना चाहिए कि भारत की जो जमीन चीन ने हथियाई है वह कांग्रेस शासन में ही हुआ। आज भारत ने गलवान और डोकलाम में अपनी साख दिखाई है। यह नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का भारत है। जिसने 300 चीनी ऐप को बंद किया। उरी हो या बालाकोट की घटना, घर में घुस कर हमने मारा है।
इससे पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने मोदी सरकार से 9 सवाल पूछे। इस बाबत उन्होंने एक दस्तावेज भी जारी किया। इसमें ‘9 साल, 9 सवाल’ है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने ये 9 सवाल भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कई बार उठाए। लेकिन आज तक कोई जवाब नहीं मिला। अब समय आ गया है कि प्रधानमंत्री चुप्पी तोड़ें। जयराम रमेश ने अर्थव्यवस्था को लेकर सवाल करते हुए पूछा कि भारत में महंगाई और बेरोजगारी आसमान छू रही है। आर्थिक असमानता बढ़ने के बावजूद प्रधानमंत्री अपने दोस्तों को सार्वजनिक संपत्ति क्यों बेच रहे हैं। उन्होंने कृषि और किसानों की समस्या, भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद, चीन और राष्ट्रीय सुरक्षा, सामाजिक सद्भाव, सामाजिक न्याय, लोकतंत्र और संघवाद, जनकल्याण की योजनाओं और कोरोना के दौरान सरकार पर कुप्रबंधन का आरोप लगाते हुए सवाल किया।
21