उत्तर प्रदेश के कासगंज में शुक्रवार को एक ट्रैक्टर ट्रॉली के तालाब में गिर जाने से सात बच्चों सहित 20 लोगों की मौत हो गई। खबरों के मुताबिक, ट्रैक्टर ट्रॉली पर सवार लोग ‘माघ पूर्णिमा’ के अवसर पर गंगा नदी में पवित्र स्नान करने जा रहे थे।जानकारी के मुताबिक, घटना कासगंज के पटियाली दरियावगंज रोड पर सुबह करीब 10 बजे हुई। बताया जा रहा है कि वाहन में सात बच्चे और आठ महिला श्रद्धालु सवार थे। स्थानीय लोग बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंचे।
सीएमओ डॉ. राजीव अग्रवाल ने बताया कि हादसे में सात बच्चे और आठ महिला पटियाली के सीएचसी पर मृतक घोषित किए गए हैं। इसके साथ ही पांच और को मृत घोषित कर दिया गया। एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया उनका परीक्षण चल रहा है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका बनी हुई है। स्थिति अधिक गंभीर है।
सीएम योगी ने किया मुआवजे का ऐलान
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुर्घटना में मृतकों के परिजनों के लिए 2-2 लाख रुपये और घायलों के लिए 50,000 रुपये के मुआवजे की घोषणा की। उन्होंने दुर्घटना में शामिल लोगों की मौत पर भी शोक व्यक्त किया और अधिकारियों को घायलों को चिकित्सा उपचार प्रदान करने का निर्देश दिया।
सीएम योगी ने सोशल मीडिया एप एक्स पर लिखा, जनपद कासगंज में सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। जिला प्रशासन के अधिकारियों को सभी घायलों के समुचित निःशुल्क उपचार हेतु निर्देश दिए हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।