रांची । झारखंड में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस्तीफा दे दिया है। वहीं, चंपई सोरेन अब झारखंड के नए मुख्यमंत्री होंगे। बता दें कि कथित भूमि घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के तहत प्रवर्तन निदेशालय ने रांची में प्रदेश के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बुधवार को घंटों तक पूछताछ की थी। वहीं, अब यह भी खबर आ रही है कि हेमंत सोरेन के इस्तीफा देते ही भाजपा अवसर की तलाश में लग गई है। इसके अलावा राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाने की बात भी सामने आ रही है। हालांकि, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
झारखंड के होने वाले सीएम चंपई सोरेन की पहली प्रतिक्रिया आई सामने
झामुमो विधायक दल के नेता चुने जाने के बाद चंपई सोरेन ने कहा कि हम झारखंड के गौरव की रक्षा के लिए काम करना जारी रखेंगे। हमने राज्य में सरकार बनाने का दावा पेश किया है। हमारे पास 47 विधायकों का समर्थन है। आपने देखा है यहां के आदिवासियों की आवाज को वर्षों से कैसे दबाया गया है।
आदिवासी संगठन ने किया आज झारखंड बंद का एलान
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद आदिवाली संगठन ने आज झारखंड बंद करने का एलान किया है। चप्पे चप्पे पर पुलिस की तैनाती की गई है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ यह तो होना ही था: भाजपा
भाजपा नेता प्रतुलशाह देव ने कहा कि बुरे काम का बुरा नतीजा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ यह तो होना ही था। मुख्यमंत्री भूल गए थे कि कानून सबसे ऊपर होता है। वे 40 घंटे तक गायब रहे, उसके बाद झारखंड आए पूछताछ हुई और गिरफ्तारी हो गई। काश उन्होंने ईमानदारी और कानून, संविधान के प्रति आस्था और निष्ठा की जो शपथ ली थी उसका पालन किया होता तो यह दिन नहीं देखना पड़ता।