180
- मानसून के आगमन के बाद पहाड़ी राज्यों समेत कुछ अन्य राज्य बाढ़ और जलभराव जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं।
मुंबई । इस सप्ताह की शुरुआत में मानसून के आगमन के बाद पहाड़ी राज्यों समेत कुछ अन्य राज्य बाढ़ और जलभराव जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। मुंबई में भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की समस्या देखी गई। बुधवार को मुंबई के मलाड इलाके में एक शख्स के ऊपर पेड़ गिरने से उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान कौशल दोशी (38) के रूप में की गई और अधिकारियों ने कहा कि भारी बारिश के कारण पेड़ उखड़ गया था। अधिकारियों ने गुरुवार को कहा कि पिछले 24 घंटों में महाराष्ट्र के ठाणे और पड़ोसी पालघर जिले में भारी बारिश हुई, जिसके परिणामस्वरूप कई इलाकों में जलभराव हो गया और पेड़ गिरने की कई घटनाएं हुईं। पिछले दो दिनों में दो लोग बारिश की पानी में बह गये। उन्होंने बताया कि उनमें से एक का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरे व्यक्ति का पता लगाने के प्रयास जारी है। पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में बुधवार को मध्यम से भारी बारिश हुई, जिससे भूस्खलन हुआ और राज्य भर में 100 से अधिक सड़कें बंद हो गईं। बुधवार को एक कार दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया, क्योंकि जिस वाहन से वे यात्रा कर रहे थे वह भद्राश-रोहरू लिंक रोड पर फिसलकर खाई में गिर गया।