- तेज गर्मी रहने के बाद दिल्ली-एनसीआर में बारिश ने लोगों को गर्मी से हल्की राहत दिलाई।
- हल्की बारिश या बूंदाबादी और सामान्य रूप से बादल छाए रहने के आसार हैं।
नई दिल्ली। बीते दिन तेज गर्मी रहने के बाद देर शाम दिल्ली-एनसीआर में बारिश ने लोगों को गर्मी से हल्की राहत दिलाई। वहीं, आज भी हल्की बारिश या बूंदाबादी और सामान्य रूप से बादल छाए रहने के आसार हैं।
दिल्ली का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया, जबकि न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्स्यिस दर्ज किया गया। वहीं, सापेक्ष आर्द्रता प्रतिशत 30 रही।
शनिवार को अधिकतम तापमान में 39 डिग्री सेल्सियस रहेगा, जो कल के मुकाबले लगभग दो डिग्री कम रहेगा। इसके अलावा अगले दो दिन मौसम साफ रहेगा। वहीं, 30 अप्रैल से 2 मई तक दिन के समय तेज सतही हवा चलेगी।
उत्तराखंड में लोग गर्मी से बेहाल
इस सीजन में पहली बार देहरादून में पारा 38 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। गर्मी से लोग बेहाल दिखे। मैदानी इलाकों में शुष्क मौसम है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने कहा कि शनिवार और रविवार को दून में आंशिक बादल छाए रहेंगे। शाम को हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा भी चल सकती है। वहीं, चार हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाली चोटियों पर हिमपात हो सकता है
हिमाचल में बर्फबारी जारी
हिमाचल में पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर जारी है। निचले इलाकों में भीषण गर्मी पड़ रही है। शुक्रवार को ऊना में सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। शिमला में तापमान में 4.1 डिग्री की वृद्धि देखी गई। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को 40 किलोमीटर की गति से आंधी चलने, ओलावृष्टि के साथ ऊंचे क्षेत्रों में हिमपात का पूर्वानुमान है।