Home » इंदौर से कांग्रेस नेता पंकज सिंघवी व पूर्व विधायक अंदर सिंह दरबार सहित आधा सैकड़ा कांग्रेस नेता भाजपा में शामिल

इंदौर से कांग्रेस नेता पंकज सिंघवी व पूर्व विधायक अंदर सिंह दरबार सहित आधा सैकड़ा कांग्रेस नेता भाजपा में शामिल

मुख्यमंत्री डॉ. यादव, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा सहित वरिष्ठ नेताओं ने कराई ज्वाइनिंग

भोपाल। कल शनिवार को लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लगने जा रही है। कल दोपहर तीन बजे भारत निर्वाचन आयोग दिल्ली में पत्रकार वार्ता कर देश में होने वाले लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान करने जा रहा है। चुनाव तारीखों के ऐलान के साथ देशभर में चुनाव आचार संहिता लागू हो जाएगी। इसी बीच मध्यप्रदेश में कांग्रेस को एक और बड़ा झटका लगा है। इंदौर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पंकज सिंघवी ने पार्टी का साथ छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। वहीं इंदौर के पास स्थित महू के पूर्व विधायक अंतर सिंह दरबार भी भाजपा में शामिल हो गए हैं। इसके साथ जनपद पंचायत उपाध्यक्ष, सदस्य, अलग-अलग जिलों के करीब आधा सैकड़ा कांग्रेस नेता भारतीय जनता पार्टी में आज शामिल हो गए हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद, प्रदेश शासन के मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गींय एवं न्यू ज्वॉइनिंग टोली के प्रदेश संयोजक डॉ. नरोत्तम मिश्रा के समक्ष भाजपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी में शामिल होने वाले नेताओं ने सदस्यता ग्रहण की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने सभी नेताओं को पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष व सांसद माया नारोलिया, प्रदेश कार्यालय मंत्री डॉ. राघवेन्द्र शर्मा एवं पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल उपस्थित रहे।

यह नेतागण आज भाजपा में शामिल हुए

धामनौद नगरपालिका अध्यक्ष सीमा विष्णु पाटीदार, मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्वमहासचिव व मध्यप्रदेश कांग्रेस पान उत्पादक व व्यवसाय प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष बसंत चौरसिया एवं मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजिविका मिशन की प्रदेश महासचिव डॉ. अन्नपूर्णा शर्मा, मऊगंज के नगरपरिषद अध्यक्ष ब्रजवासी पटेल, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजय त्रिपाठी, हनुमना नगर परिषद अध्यक्ष आशुतोष गुप्ता, उपाध्यक्ष शरदजय गुप्ता, टीकमगढ़ के कांग्रेस जिला संगठन मंत्री अनिल बड़कुल, जनपद उपाध्यक्ष ललित अहिरवार सहित सैकड़ों कांग्रेस पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकास कार्यों से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

Related News

Swadesh Bhopal group of newspapers has its editions from Bhopal, Raipur, Bilaspur, Jabalpur and Sagar in madhya pradesh (India). Swadesh.in is news portal and web TV.

@2023 – All Right Reserved. Designed and Developed by Sortd