हेनले पासपोर्ट इंडेक्स की तरफ से हाल ही में वर्ष 2024 के लिए एक सूची जारी की गयी है। जिसके अनुसार, दुनिया के सबसे शक्तिशाली पासपोर्ट की सूची में कुल छह देश शीर्ष पर हैं। 2024 में इस लिस्ट में सबसे ऊपर फ्रांस है। फ्रांस के पासपोर्ट के जरिए 194 देशों में बिना वीजा के पहुंचा जा सकता है। वहीँ भारत पिछले साल से एक पायदान नीचे गिरकर 85वें स्थान पर आ गया है।
हालांकि फ्रांस इकलौता देश नहीं है जो पासपोर्ट में नंबर वन है। जर्मनी, इटली, जापान, सिंगापुर और स्पेन भी ऐसे देश हैं, जो दुनिया भर में सबसे शक्तिशाली वीजा की सूची में शीर्ष पर है। वहीँ, आर्थिक और राजनीतिक संकट से प्रभावित भारत के पडोसी मुल्क पाकिस्तान की रैंक पिछले साल की तरह ही 106 रही, जबकि बांग्लादेश की स्थिति 2023 में 101 से गिरकर इस वर्ष 102 पर आ गया।
गौरतलब है, भारत का समुद्री पड़ोसी देश मालदीव 58वें स्थान पर है, जिसके नागरिकों को 96 देशों में वीज़ा-मुक्त पहुंच प्राप्त है। इसके साथ ही चीन 2023 में 66वें नंबर पर था, जो अब 64वें पर पहुंच गया है। इसके अलावा अमेरिका के पासपोर्ट रैंकिग में भी सुधार देखने को मिला है। पहले यह 7वें स्थान पर था, जो अब 6 वें स्थान पर पहुँच गया है।