मीडिया दिग्गज रूपर्ट मर्डोक ने 93 वर्ष की उम्र में पांचवीं बार शादी की है। मर्डोक और 67 वर्षीय रूसी मूल के सेवानिवृत्त आणविक जीवविज्ञानी एलेना ज़ुकोवा ने शनिवार को कैलिफोर्निया के बेल एयर में अपने वाइनयार्ड एस्टेट में एक समारोह में शादी की। दोनों की मुलाकात पिछले साल हुई थी, तब से दोनों एक-दूसरे को डेट कर रहे थे। मर्डोक हाल में फॉक्स और न्यूज कॉर्प के अध्यक्ष पद से हटे हैं।
नवविवाहित जोड़े की तस्वीरें न्यूयॉर्क पोस्ट और फॉक्स न्यूज सहित न्यूज कॉर्प प्रकाशनों द्वारा प्रकाशित की गईं। इस जोड़े ने मार्च में अपनी सगाई की घोषणा की थी। मर्डोक ने हाल ही में मॉडल और अभिनेता जेरी हॉल से शादी की थी। 2016 में उनकी शादी हुई और 2022 में उनका तलाक हो गया। 67 वर्षीय एलेना झुकोवा रूस की राजधानी मास्को से हैं। वह लॉस एंजिल्स के कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय में मॉलिक्यूलर बायोलजिस्ट रह चुकी हैं। झुकोवा ने रूसी ऑयल बैरन अलेक्जेंडर झुकोवा से शादी की थी। उनकी एक बेटी दशा झुकोवा है। दशा 42 वर्ष की हैं और एक समाजसेवी के साथ बिजनेसवुमेन भी हैं। मर्डोक की तीसरी पत्नी वेंडी डेंग ने उनकी मुलाकात झुकोवा से करवाई थी। उन्होंने वेंडी से 2013 में तलाक लिया था।
जानें कौन है रुपर्ट मर्डोक
ऑस्ट्रेलिया में 1931 में पैदा हुए मर्डोक अमेरिका के बड़े अरबपति हैं। उनकी कुल संपत्ति 1.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक है। वह ब्रिटेन के द सन, द टाइम्स, अमेरिका के न्यूयॉर्क पोस्ट, वॉल स्ट्रीट जनरल और फॉक्स न्यूज जैसे बड़े अखबार-चैनल के मालिक हैं। मर्डोक ने 1956 में ऑस्ट्रेलियाई फ्लाइट अटेंडेंट पैट्रिशिया बुकर से शादी की और 1967 तक साथ रहे। इससे उनकी एक बेटी प्रूडेंस हैं। इसके बाद उन्होंने स्कॉटिश मूल की पत्रकार ऐना मान से 1967 में विवाह किया और 1999 में तलाक लिया। इससे उन्हें 3 बच्चे एलिजाबेथ, लाचलान और जेम्स मर्डोक हैं। चीन निवासी वेंडी डेंग मीडिया कर्मी थीं, जिनके साथ मर्डोक 1999 से 2013 तक रहे। अमेरिकी मॉडल जेरी हॉल से 2016 में विवाह कर 2022 में तलाक लिया।