शाम चार बजे होगी कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक
भोपाल। मध्यप्रदेश में लोकसभा चुनाव के के लिए कांग्रेस पार्टी ने 10 लोकसभा प्रत्याशियों के नामों का ऐलान पहले कर चुकी है। खजुराहो लोकसभा सीट को कांग्रेस ने समझौते के तहत समाजवादी पार्टी को सौंप दी है। अब प्रदेश की बची 18 लोकसभा सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवार तय करने जा रही है। आज मंगलवार को शाम चार बजे दिल्ली में कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक होने जा रही है। कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक में वरिष्ठ नेतागण मध्यप्रदेश के 18 लोकसभा उम्मीदवारों के नामों को तय करेंगे।
कांग्रेस के कई नेता पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो चुके हैं। कांग्रेस के पास प्रदेश में 29 लोकसभा सीटों में सिर्फ एक सीट छिंदवाड़ा ही कब्जे में है। ऐसे में कांग्रेस पार्टी अपने भाजपा के सामने दमदार प्रत्याशी उतारने के लिए प्रयास कर रह है। कांग्रेस पार्टी के कई बड़े नेता या तो पार्टी छोड़ चुके हें या लोकसभा का चुनाव लडऩे से इंकार कर चुके हैं।
ऐसे में कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व प्रदेश के आधा दर्जन लोकसभा सीटों पर कांग्रेस विधायकों को लोकसभा का चुनाव लड़ाकर भाजपा को कड़ी टक्कर देने का प्रयास कर रही है। हालांकि विधायकों को चुनाव लड़ाया जाएगा या नहीं यह आज शाम को दिल्ली में होने वाली कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक में स्पष्ट हो जाएगा।
चुनाव समिति की बैठक में मप्र के बाद गुजरात और बाकी बचे राज्यों की सीटों पर चर्चा होगी। कांग्रेस ने लंबी माथापच्ची के बाद मध्यप्रदेश के 15 सीटों पर सिंगल नाम तय कर लिए हैं। तीन सीटों पर दो-तीन नाम हैं। मंदसौर में नंद किशोर पटेल के साथ ही दिलीप सिंह गुर्जर का नाम है। ग्वालियर में पूर्व मंत्री लाखन सिंह यादव और पूर्व सांसद रामसेवक सिंह गुर्जर, पूर्व विधायक प्रवीण पाठक के नाम हैं।