भोपाल। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को छिंदवाड़ा में एक के बाद एक झटके लग रहे हैं। पहले हमारों की संख्या में स्थानीय नेता और कार्यकर्ता कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए, अब अमरवाड़ा से विधायक कमलेश शाह अपने पत्नी और समर्थकों के साथ भाजपा में आए हैं। आज सोमवार को सुबह छिंदवाड़ा नगर निगम के महापौर विक्रम अहाके भी नगर निगम सभापति सहित अन्य नेताओं के साथ भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है। सोमवार सुबह मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा के समक्ष विक्रम अहाके व अन्य नेताओं ने भाजपा का दामन थामा है।
छिंदवाड़ा के यह नेतागण भाजपा में शामिल
सोमवार को महापौर विक्रम अहाके के साथ भाजपा में शामिल होने वाले नेताओं में छिंदवाड़ा नगर निगम के सभापति प्रमोद शर्मा, अनुसूचित जाति विभाग के जिला अध्यक्ष सिद्धांत थनेसर, पूर्व एनएसयूआई जिला अध्यक्ष आशीष साहू, पूर्व एनएसयूआई जिला उपाध्यक्ष धीरज राऊत, पूर्व एनएसयूआई जिला कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य उपाध्याय, पूर्व एनएसयूआई विधानसभा अध्यक्ष सुमित दुबे शामि हैं। यह सभी नेता भाजपा की रीति नीति और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के विकास कार्यों से प्रभावित होकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव व प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने सभी को पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल भी उपस्थित रहे।