Home » लोकसभा चुनाव से पहले प्रदेश की जनता को 10 हजार करोड़ की सड़क परियोजनाओं की सौगात, भोपाल में जेके रोड होगा छह लेन

लोकसभा चुनाव से पहले प्रदेश की जनता को 10 हजार करोड़ की सड़क परियोजनाओं की सौगात, भोपाल में जेके रोड होगा छह लेन

केंद्रीय मंत्री गडकरी जबलपुर और भोपाल में लोकार्पण व शिलान्यास

भोपाल। भारतीय जनता ने लोकसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी है। आज केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी जबलपुर और भोपाल में करीब दस हजार करोड़ से अधिक की सड़क परियोजनाओं की सौगात दे रहे हैं। 15 सड़क परियोजनाओं में कुछ परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा और अधिकांश का भूमिपूजन किया जाएगा। जबलपुर में 2367 करोड़ की सड़क परियोजनाओं के भूमिपूजन और लोकार्पण के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा जबलपुर पहुंच चुके हैं।

केंद्रीय मंत्री आज 10 हजार 405 करोड़ रुपये की लागत से 724 किलोमीटर लंबी 24 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण करेंगे। वह भोपाल में आठ हजार 38 करोड़ रुपये लागत से 498 किलोमीटर लंबी 15 परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। राजधानी के लाल परेड मैदान में यह कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल होंगे। इससे पहले गडकरी जबलपुरश् पहुंचे हैं, जहां वह दो हजार 367 करोड़ रुपये की लागत से 226 किलोमीटर लंबी नौ परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण कर रहे हैं।

भोपाल में जेके रोड होगा छह लेन

केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री गडकरी भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित कार्यक्रम में कुल 15 परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इनमें भोपाल के अयोध्या बायपास खंड का छह लेन चौड़ीकरण, शाहगंज से बाड़ी खंड मार्ग का चार लेन चौड़ीकरण, श्योपुर-गोरस का दो लेन मार्ग (पेव्ड शोल्डर के साथ), शुजालपुर बाईपास का दो लेन (पेव्ड शोल्डर के साथ), मुलताई से मध्य प्रदेश/महाराष्ट्र सीमा तक का दो-लेन मार्ग (पेव्ड शोल्डर के साथ) सड़क निर्माण, अटेर एवं भिंड बाईपास का दो-लेन मार्ग (पेव्ड शोल्डर के साथ), गोरस से श्यामपुर मार्ग का दो-लेन मार्ग (पेव्ड शोल्डर के साथ), दाहोद (गुजरात सीमा) से अंबुआ खंड का दो-लेन मार्ग (पेव्ड शोल्डर के साथ) की परियोजनाएं शामिल हैं।

भोपाल में यहां बनाए जाएंगे फ्लाई-ओवर

भोपाल में रत्नागिरि से जंबूरी मैदान- अन्ना नगर- आईएसबीटी- आरकेएमपी- एम्प्री – मिसरोद तक फ्लाई ओवर बनाया जाएगा। इसके साथ ही आसाराम चौराहे से आईटी पार्क तक, करोंद चौराहे से भानपुर पुलिया के आगे तक, एसआईआरटी कॉलेज से रत्नागिरि, आनंद नगर से रत्नागिरि तक बनाए जाएंगे। इसके साथ ही भानपुर रेलवे क्रॉसिंग पर आरओबी भी बनाया जाएगा।

जबलपुर में इन परियोजनाओं की मिली सौगात

जबलपुर के वेटरनरी कॉलेज ग्राउंड पर 2,327 करोड़ के विकास कार्यों का लोकाप्रण-शिलान्यास कार्यक्रम शुरू हो चुका है। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी यहां एनएच-539 के टीकमगढ़-झांसी सड़क पर स्थित जामनी नदी पर पुल का निर्माण, चंदिया घाटी से कटनी बायपास तक (पेव्ड शोल्डर के साथ) 2 लेन सड़क उन्नयन कार्य, एनएच-के बमीठा से खजुराहो हिस्से का 4-लेन चौड़ीकरण कार्यों का लोकार्पण, गुलगंज बायपास से बरना नदी तक दो लेन (पेव्ड शोल्डर के साथ) सड़क उन्नयन कार्य, बरना नदी से केन नदी तक दो लेन (पेव्ड शोल्डर के साथ) सड़क निर्माण, शहडोल से सगर टोला तक दो लेन (पेव्ड शोल्डर के साथ) सड़क उन्नयन कार्य, एनएच-44 (म.प्र.) के अंतर्गत ललितपुर-सागर-लखनादौन खण्ड में कुल 23 वीयूपीएस पुल सर्विस रोड का निर्माण, एनएच-44 के सुकतारा, खुरई और खवासा में कुल 3 फुट ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य और बंजारी घाटी (एनएच-44) पर 2 ब्लैक स्पॉट का सुधार कार्य का शिलान्यास किया जा रहा है।

Related News

Swadesh Bhopal group of newspapers has its editions from Bhopal, Raipur, Bilaspur, Jabalpur and Sagar in madhya pradesh (India). Swadesh.in is news portal and web TV.

@2023 – All Right Reserved. Designed and Developed by Sortd