एटीएस ने किया अवैध हथियार बनाने वाले अंतर्राज्ज्यीय नेटवर्क का खुलासा
भोपाल। मप्र पुलिस के आतंकवाद निरोधी दस्ता (एटीएस) ने बीती देररात खरगोन जिले के गोगांवा थाना क्षेत्र के सिग्नूर में चल रही हथियारों की अवैध फैक्ट्री पर छापा मारकर अंतर्राज्ज्यीय गिरोह का खुलासा किया है। एटीएस ने खरगोन जिले के कसरावद थाना क्षेत्र के ग्राम सरवल देवला निवासी राहुल यादव को खंडवा व सिग्नूर निवासी गुरुबख्त सिंह पटवा सिकलीगर को खरगोन से पकड़ा। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर खरगोन के सिग्नूर में चल रही इस हथियान बनाने की अवैध फैक्ट्री पर छापा मारा। फैक्ट्री से अवैध हथियार बनाने के औजार, अर्द्धनिर्मित पिस्टल, कम्पलीट पिस्टल और सैकड़ों बैरल बरामद हुई। आरोपियों ने प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि उक्त बैरल सूरत से सप्लाई की जा रही थी।
ऐसा पहली बार है कि, इतनी बड़ी संख्या में पिस्टल में उपयोग की जाने वाली अच्छी क्वालिटी की बैरल, अन्य कलपुर्जे एवं रॉ मटेरियल अन्तर्राज्ज्यीय स्तर पर जब्त किए गए हैं। ज्ञात हो कि प्रदेश के धार, बड़वानी, खरगोन एवं बुरहानपुर जिलों के सक्रिय 17 डेरों में सिकलीगरों द्वारा अवैध हथियारों का निर्माण एवं विक्रय का कार्य किया जा रहा है।
सूरत से मंगवाते थे हथियार बनाने कच्चा माल
एटीएस इस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार प्रत्येक माह लगभग 500 से अधिक बैरल सूरत (गुजरात) से गुरुबख्त तक पहुंच रही थी। गुरुबख्त सिंह के अलावा अन्य अवैध हथियार निमार्ताओं की जानकारी भी ज्ञात की जा रही है, जो सूरत अथवा अन्य क्षेत्रों से, अच्छी लेथ मशीनों से बनी पिस्टल में उपयोग की जाने वाली बैरल, अन्य कलपुर्जे एवं रॉ मटेरियल मंगा रहे हैं।
हथियार के सौदागरों की तलाश में जुटी पुलिस
पूर्व में गिरफ्तार अवैध हथियार निमार्ताओं के सम्पर्क व्यक्तियों के बारे में भी जानकारी प्राप्त की जा रही है, जो अन्य राज्यों से अच्छी लेथ मशीनों से तैयार बैरल एवं पिस्टल के पार्ट्स मंगा रहे हैं तथा पिस्टल के अन्य औजार मध्य प्रदेश में तैयार कर असेम्बल किए जा रहे हैं। इस संबंध में थाना एटीएस/एसटीएफ, भोपाल में आर्म्स एक्ट का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है और मुख्य आरोपी राहुल यादव एवं गुरुबख्त सिंह को गिरफ्तार किया गया है।
फैक्ट्री से पुलिस ने जब्त की यह सामग्री
सिग्नूर में चल रही इस अवैध हथियारों की फैक्ट्री पर दबिश देकर एटीएस ने बड़ी मात्रा में हथियार बनाने के औजार, मशीनें, बैरल, अन्य कलपुर्जे और रॉ मटेरियल जब्त किया है। एटीएस ने फैक्ट्री से पांच पिस्टल, दो अधबनी पिस्टल, आठ जिंदा राउंड, एक अधबनी बैरल, एक अधबनी अपर स्लाइड, चार फाइबर बट ग्रिप, 192 चेंबर बैरल, 96 शटर नाली चौकोर, एक आरी, एक ग्राइंडर, एक संडासी, एक कानस, एक छैनी, एक गोल कानस और लोहे की एक हथौड़ी जब्त की है।