देश के लगभग सभी राज्यों में इन दिनों लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन इसी बीच दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में गर्मी के सभी रिकॉर्ड टूट गए। राजधानी के मुंगेशपुर क्षेत्र में अधिकतम तापमान 52.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो शहर में अब तक का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। हालांकि नोएडा में हल्की बारिश हुई जिससे भीषण गर्मी से हल्की राहत मिली।
इससे पहले मौसम विभाग ने दिल्ली और एनसीआर, खरखौदा, झज्जर, सोहना, पलवल, नूंह, औरंगाबाद, होडल, रोहतक, हिसार (हरियाणा), जट्टारी, खैर (यूपी) में हल्की बारिश की भविष्यवाणी की थी। मंगलवार को उत्तर पश्चिमी दिल्ली इलाके में मौसम केंद्र का तापमान 49.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिसके एक दिन बाद तापमान में और बढ़ोतरी हुई और मौसम केंद्र ने शाम 4.14 बजे अधिकतम तापमान 52.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। यह दिल्ली में अब तक का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, तापमान बढ़ने के साथ, शहर की बिजली की मांग बुधवार को 15:36:32 बजे बढ़कर 8,302 मेगावाट के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गई। राष्ट्रीय राजधानी के इतिहास में यह पहली बार है कि इसकी बिजली की मांग 8,300 मेगावाट के आंकड़े को पार कर गई है। बिजली वितरण कंपनियों ने इस गर्मी में मांग 8,200 मेगावाट तक पहुंचने का अनुमान लगाया था।