भोपाल। ऐशबाग इलाके में पारिवारिक विवाद के चलते आठ साल के भतीजे का अपहरण करने वाले चाचा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बालक को सकुशल उसके चंगुल से छुड़ाकर परिजनों के सुपुर्द किया गया है। आरोपी के खिलाफ घर में घुसकर अपहरण करने का मामला दर्ज किया गया था। पुलिस के मुताबिक इलाके में रहने वाली 39 वर्षीय महिला गृहणी है। उसने पुलिस को बताया कि गुरुवार की रात करीब साढे सात बजे वह अपनी दोनों बेटियों और आठ साल के बेटे के साथ घर थी।
इसी बीच मोहल्ले में रहने वाला 36 साल का देवर उनके घर के अंदर घुस गया। देवर के साथ उनका पारिवारिक विवाद चल रहा है। देवर ने भाभी से बोला कि वह उनके बेटे को अपने साथ ले जा रहा है, रोकने की कोशिश मत करना। महिला ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने छुरी दिखाकर डरा दिया। पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर देवर के खिलाफ घर में घुसकर बेटे के अपहरण करने का केस दर्ज किया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अपहृत बालक को सकुशल बरामद करने और आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की टीम लगाई गई थी। करीब चार घंटे की मशक्त के बाद पुलिस ने आरोपी को तलैया थानांतर्गत केवड़े के बाग के पास से पकड़कर बालक को बरामद कर लिया।