मर्ग कायम कर जांच में जुटी पुलिस
भोपाल। रातीबड़ थाना क्षेत्र में बीती रात एक तेज रफ्तार बाइक टर्निंग पर ट्रर्न हो रहे एक ट्रक के पिछले हिस्से में टकरा गया। जिसे सिर में गंभीर चोट लगने के बाद हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं बिलखिरिया थाना क्षेत्र में एक वृद्धा को अज्ञात ट्रक ने रौंद दिया। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
एएसआई कर्मवीर सिंह ने बताया कि नील सागर कॉलोनी नीलबड़ निवासी राजेश बंजारा पुत्र बाबूलाल (21) प्राइवेट काम करता था। बीती रात करीब साढ़े ग्यारह बजे वह बाइक से घर लौट रहा था। तभी वह नाथू बरखेड़ा के पास स्थित शूटिंग एकेडमी को जाने वाले रास्ते पर आगे चल रहे एक ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गया। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट आई थी। आसपास के लोगों ने उसे तुरंत एक निजी अस्पताल पहुंचाया।
जहां से उसे हमीदिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ट्रक जब्त कर लिया है। आज पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसी तरह बिलखिरिया थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने वृद्धा को रौंद दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। हेड कांस्टेबल सुदीप राजपूत ने बताया कि कोकता निवासी पछिया बाई पति प्रभूलाल (70) कबाड़ बिनने का काम करती थीं।
कल सुबह करीब साढ़े नौ बजे वह घर से कबाड़ बिनने निकली थी। इसी दौरान कोकता हनुमान मंदिर के पीछे कच्ची रोड पर किसी अज्ञात ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने सूचना मिलने के बाद मर्ग कायम कर पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।