ग्वालियर में मायके से दहेज में सात लाख रुपए नहीं लाने पर पति ने अमानवीयता की सारी हदें पार कर दी। और वह उसके साथ अप्राकृतिक कृत्य करने लगा। इतना ही नहीं ससुर भी पीछे नहीं रहा और नवविवाहिता से छेड़छाड़ करने लगा। जब पीडि़ता ने विरोध किया तो उसकी मारपीट कर घर से निकाल दिया। घर से निकाले जाने के बाद पीडि़ता महिला थाने पहुंची और मामले की शिकायत की। पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
यह है पूरा मामला
मामला ग्वालियर के हजीरा कांच मिल निवासी युवती की शादी गोला का मंदिर पिण्टो पार्क गायत्री मंदिर के पास रहने वाले अजय सिंह के साथ हुई थी। विवाह में अजय के पिता व अन्य परिजनों की मांग के अनुसार पीडि़ता के पिता ने 13 लाख रुपए नगदी के साथ ही अन्य सामान व जेवर दिया था। शादी के बाद जब पीडि़ता ससुराल पहुंची तो कुछ दिन तो सब ठीक रहा और फिर पति व अन्य ससुराल वाले उससे मायके से दहेज में सात लाख रुपए की मांग करने लगे। जब उसने इससे इनकार किया तो उसके साथ सभी का व्यवहार बदल गया और उसे प्रताडि़त किया जाने लगा। उसे प्रताडि़त करने के लिए उसके हाथ-पैर बांधकर रखा गया और पति द्वारा अप्राकृतिक कृत्य किया। जब भी वह विरोध करती उसकी मारपीट की जाने लगी।
पंचायत में भी नहीं बनी बात
मामले का पता चलते ही पीडि़ता के परिजनों ने ससुराल वालों को समझाने का प्रयास किया और पंचायत जोड़ी, लेकिन बात नहीं बनी, बल्कि उसकी प्रताडऩा बढ़ गई। इसी बीच ससुर ने उसके साथ छेड़छाड़ की। और जब उसने विरोध किया तो उसे घर से निकाल दिया। वारदात की शिकार पीडि़ता महिला थाने पहुंची और मामले की शिकायत की। पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पति और सभी ससुराल वाले फरार बताए जा रहे हैं जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।
जांच में जुटी पुलिस
सीएसपी विजय भदौरिया ने बताया है कि थाने पर आकर एक विवाहिता ने पति पर अप्राकृतिक और ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पति और ससुराल वालों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
196