दोस्त का बर्थडे मनाने के बाद देर रात जा रहे थे ढाबा
भोपाल। बीती रात दोस्त का जन्मदिन का केक काटने के बाद युवक उसी दोस्त के साथ खाना खाने ढाबे पर जा रहा था। हादसे में युवक की मौत हो गई, जबकि बर्थडे ब्वॉय सुरक्षित है। मिसरोद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार 29 वर्षीय प्रशांत राजावत मूलतः भिंड जिले का रहने वाला था। वह जाटखेड़ी इलाके में किराए का कमरा लेकर अपने दोस्त अंकुर सिंह के साथ रहता था। अंकुर भी भिंड का रहने वाला था। प्रशांत एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था।
18 मार्च यानी सोमवार को अंकुर का जन्मदिन था। 17-18 की दरमियानी रात बारह बजे प्रशांत राजावत के सामने अंकुर ने अपने जन्मदिन का केक काटा। इसके बाद दोनों दोस्त खाना खाने के लिए वृंदावन ढाबा जाने के लिए बाइक से निकले थे। वे शनि मंदिर के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से तेज रफ्तार सफेद रंग की कार आई तथा उसने बाजू से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों दोस्त बाइक से उछलकर सड़क पर गिर गए। दोनों को इलाज के लिए एम्स ले जाया गया था। जहां पर डॉक्टरों ने प्रशांत को मृत घोषित कर दिया।
अंकुर के पैर व हाथ में भी गंभीर चोटें आई हैं उसका अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। मंगलवार को मृतक के परिजनों के भोपाल पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम किया जाएगा। पुलिस ने मर्ग कायम करने के बाद टक्कर मारने वाली कार की तलाश शुरू कर दी है।