भोपाल। कोलार इलाके में पति से विवाद के बाद खुद पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगाने वाली महिला ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पीएम कराने के बाद लाश परिजन को सौंप दी है। पुलिस के मुताबिक अनन्या हेमंत चौहान (30) बांसखेड़ी कोलार में रहती थी और पति के साथ मजदूरी करती थी। दोनों के चार बच्चे हैं। बीती दस मार्च की रात करीब साढ़े आठ बजे खाना बनाने की बात को लेकर महिला का अपने पति से विवाद हो गया।
इसके बाद गुस्साई अनन्या ने खुद पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली। उसे बचाने के प्रयास में पति के हाथ भी झुलस गए थे। गंभीर रूप से झुलसी महिला को इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां गुरुवार रात उसने दम तोड़ दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।