भोपाल। नजीराबाद इलाके में कल देर शाम कार की टक्कर से बुलेट सवार युवक की मौत हो गई। जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक 40 वर्षीय गोरेलाल ग्राम भोजपुरा का रहने वाला था। कल शाम वह अपने परिचित के साथ बुलेट पर सवार होकर कही जा रहा था। तभी रास्ते में उनकी बुलेट को सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। घटना की खबर लगते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को लेकर हमीदिया अस्पताल पहुंची। जहां कुछ देर बाद गोरेलाल को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है, और उसकी स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है।
आज मृतक का पीएम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। साथ ही पुलिस कार चालक की तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
लव मैरिज के दो साल बाद नवविवाहिता ने फांसी लगाई
परवलिया पुलिस ने बताया कि पूजा कुशवाहा पति संतोष कुशवाहा (25) ग्राम तारा सेवनिया में रहती थी। करीब दो साल पहले दोनों ने लव मैरिज की थी। अभी उनकी आठ महीने की बेटी भी है। कल दोपहर महिला ने अपने घर में फांसी लगा ली थी। बच्ची की रोने की आवाज सुनकर पति पहुंचा तो देखा कि पत्नी फंदे पर झूल रही है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक का शव बरामद कर उसे पीएम के लिए भेज दिया।
उधर निशातपुरा थाना क्षेत्र के जल सेवा नगर में 30 वर्षीय मनोहर लोधी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को मौके से किसी तरह का कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान दर्ज होने के बाद कारणों का खुलासा हो सकेगा।