Home » शुक्रवार को दिन भर चली भाजपा की वृहद कार्यसमिति की बैठक, प्रधानमंत्री के कार्यों को जन-जन तक पहुंचा लक्ष्य

शुक्रवार को दिन भर चली भाजपा की वृहद कार्यसमिति की बैठक, प्रधानमंत्री के कार्यों को जन-जन तक पहुंचा लक्ष्य

प्रदेश में इस वर्ष के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के चुनावी शंखनाद की रूपरेखा शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी ने तय कर दी है। शुक्रवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में दिन भर चली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में कई बड़े निर्णय लिए गए हैं। कार्यसमिति की बैठक में प्रदेश से केंद्र में प्रदेश प्रभारी, सह प्रभारी सहित मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा सहित केंद्रीय मंत्रियों, प्रदेश मंत्रिमंडल के सदस्यों, प्रदेश के सांसदों, विधायकों, जिला अध्यक्षों के साथ मोर्चा के अध्यक्षों, प्रकोष्ठ के संयोजकों के साथ जिला प्रभारियों और आकांक्षी विधानसभाओं के प्रभारियों तक को बुलाया गया था। एक हजार से अधिक नेताओं की मौजूदगी में चार सत्रों में हुई कार्य समिति की बैठक में 2023 के प्रदेश विधानसभा चुनाव के साथ 2024 में देश में होने वाले लोकसभा चुनाव की भी बिसात बिछा दी है। दोनों चुनावों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही पार्टी का चेहरा होंगे, यह निर्णय भी लिया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्रीकाल के 9 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। सफलतम नौ वर्ष के कार्यकाल होने पर प्रदेश भाजपा महा जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया है। 30 मई से 30 जून तक प्रदेश में महाजनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा, जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं के साथ प्रदेश सत्ता-संगठन और सांसद-विधायकों से लेकर कार्यकर्ता जग शहर-शहर, गांव-गांव घूमकर जनता से संपर्क करेंगे।

जनहितैषी योजना लोगों को बताएंगे

कार्यसमिति में तय किया गया कि इस वर्ष के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के प्रचार का शंखनाद मोदी सरकार के 9 वर्ष पूरे होने पर पर एक महीने का महाजनसंपर्क अभियान चलाकर करने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रदेश की सभी 29 लोकसभा क्षेत्र और 230 विधानसभाओं में एक महीने तक महाजनसंपर्क अभियान चलेगा। इस अभियान के सहारे पार्टी करीब 5 करोड़ मतदाता व हितग्राही तक सीधे तौर पर पहुंचेगी और केन्द्र व राज्य सरकार की जनहितैषी योजनाओं को गिनाएगी। मिशन-23 के साथ ही भाजपा 2024 के लोकसभा चुनाव की भी जमीनी पकड़ और मजबूत करने में जुट गई है। बैठक में नेता व कार्यकर्ताओं को एक ही लक्ष्य दिया गया कि वह मिशन-23 के चुनावी रण में पूरी तैयारी के साथ उतर जाएं और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं।

Swadesh Bhopal group of newspapers has its editions from Bhopal, Raipur, Bilaspur, Jabalpur and Sagar in madhya pradesh (India). Swadesh.in is news portal and web TV.

@2023 – All Right Reserved. Designed and Developed by Sortd