भोपाल। भारतीय जनता पार्टी आगामी लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों पर शानदार जीत दर्ज करने की पूरी तैयारी कर रह है। प्रदेश के छिंदवाड़ा लोकसभा क्षेत्र अभी कांग्रेस के कब्जे में है, वहां सेे प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ सांसद हैं। बाकी प्रदेश की 28 लोकसभा सीटों पर भाजपा पहले से काबिज है। इस बार के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी छिंदवाड़ा लोकसभा चुनाव भी जीतने की रणनीति पर काम कर रही है। इसके लिए पहले से तैयारी चल रही है। वहीं इस महीने प्रदेश की पांच राज्यसभा सीटों के लिए भी मतदान होने जा रहा है। प्रदेश की पांच राज्यसभा सीटें इस वर्ष के अप्रैल माह में रिक्त हो रही हैं। पांच में से एक सीट कांग्रेस के कब्जे में है वहीं चार सीटों पर भाजपा के सांसद हैं।
भाजपा इस बार के राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस से एक सीट छीनने का भी प्रयास कर रही है। इसके लिए भाजपा ने चुनावी बिसात भी बिछाना शुरू कर दिया है। भाजपा चाहती है कि कांग्रेस के कब्जे वाली राज्यसभा की सीट भी हथिया ली जाए, ताकि लोकसभा चुनाव से पहले प्रदेश में कांग्रेस को मनोवैज्ञानिक रूप से कड़ी टक्कर दी जा सके। हालांकि कांग्रेस से राज्यसभा की एक सीट छीनना आसान नहीं है।
दावेदारों के नामों पर विचार
लोकसभा के पांच सांसद इस बार विधानसभा का चुनाव जीत चुके हैं। एक सांसद को विधानसभा अध्यक्ष, तीन को मंत्री बनाया जा चुका है। ऐसे में प्रदेश के उक्त पांचों सीटों पर लोकसभा में भाजपा नए चेहरों को उतार सकती है। इसी तरह से राज्यसभा की चार सीटों में से दो पर केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और एल मुरुगन को दोबारा राज्यसभा भेजने की तैयारी है। इस तरह से प्रदेश के नेताओं के हिस्से में राज्यसभा की पांच सीटों में से सिर्फ दो सीटें ही आएंगी। उक्त दो सीटों के लिए राज्यसभा में जाने के कई दावेदार हैं। पार्टी की रविवार रात हुई चुनाव समिति की बैठक में इस संबंध में भी विचार विमर्श किया गया है।