महिला की मौत, नाती और आटो चालक घायल, ब्रेक फेल होने का अंदेशा
भोपाल। कोहेफिजा स्थित फिलफोरा रेस्टॉरेंट के पास शुक्रवार दोपहर एक कंटेनर ने सड़क किनारे खड़ी बुजुर्ग महिला को कुचल दिया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। महिला को कुचनले के बाद बेकाबू हुए कंटेनर ने आगे जा रहे एक आटो को टक्कर मार दी, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके बाद कंटेनर ने सड़क किनारे खड़ी एक स्कार्पियो को टक्कर मारी तो वह आगे पेड़ में जाकर घुस गई। कंटेनर की चपेट में आने से बचने के लिए बुजुर्ग महिला के नाती को भी चोट आई है। पुलिस ने कंटेनर जब्त कर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि कंटेनर के ब्रेक फेल हो गए थे। हालांकि घटना के सही कारणों का खुलासा तकनीकी जांच के बाद ही हो पाएगा।
पुलिस के मुताबिक शांतिबाई श्रीवास (80) नईबस्ती टीला जमालपुरा में रहती थी। शुक्रवार को अपने नाती रजत श्रीवास (25) के साथ कलेक्टर कार्यालय के पास कोहेफिजा स्थित फिलफोरा रेस्टॉरेंट के पास पहुंची थी। बाइक खड़ी करने के बाद रजत रेस्टारेंट के अंदर खाना पैक कराने चला गया, जबकि शांतिबाई बाइक के पास खड़ी थी। इसी दौरान ढलान पर खड़ा एक कंटेनर अचानक शांतिबाई के तरफ आया और उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। उस वक्त रजत बाहर निकल रहा था। उसने कंटेनर से बचने का प्रयास किया तो वह भी घायल हो गया।
आटो के बाद स्कार्पियो को मारी टक्कर
महिला को कुचलन के बाद कंटेनर बेकाबू हुआ और तेजी से आगे बढ़ने लगा। इस दौरान एक आटो चालक अस्सू खां अपना आटो लुढ़का कर नीचे की तरफ उतर रहा था, तभी कंटेनर ने उसे भी अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में अस्सू को भी गंभीर चोट आई है उनका आटो पूरी तरह से चकनाचूर हो गया। आटो को टक्कर मारने के बाद कंटेनर ने सड़क किनारे खड़ी एक स्कार्पियो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कार्पियो आगे जाकर पेड़ में घुस गई। हालांकि स्कार्पियो में कोई भी सवार नहीं था। स्कार्पियो को टक्कर मारने के बाद कंटेनर रुक गया।