तेलंगाना में आज यानी 30 नवंबर को विधानसभा चुनाव में मतदान के बाद सभी राज्यों के एग्जिट पोल सामने आने लगे है। इन सभी एग्जिट पोल पर अगर नजर डालें तो छत्तीसगढ़ में भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। आपको बता दें, इन सभी राज्यों में 3 दिसंबर को चुनावी परिणाम आएंगे।
इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया के पोल में छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को ज्यादा सीटें मिलती दिख रही हैं। यहां कांग्रेस को 40 से 50, भाजपा को 36 से 46 और अन्य को 1 से 6 सीट मिल सकती है। इसके अलावा जी न्यूज-जन की बात के सर्वे में कांग्रेस को 42 से 53 और भाजपा को 34 से 45 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं, आजतक के एक्जिट पोल के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को 40 से 50 सीटें, जबकि भाजपा को 36 से 46 सीटें मिल सकती हैं। अन्य को 1 से 5 सीटें मिल सकती हैं। इंडिया टीवी के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में कांग्रेस कांग्रेस को 46-56 सीटें, भाजपा को 30-40 और अन्य 3-5 सीटों पर कब्जा जमा सकते हैं।
बता दें, एग्ज़िट पोल वह सर्वेक्षण है जो लोगों द्वारा अपने-अपने उम्मीदवारों को वोट देने के तुरंत बाद किया जाता है। यह टूल राजनीतिक दलों और उनके उम्मीदवारों के लिए समर्थन का आकलन करने में मदद करता है। बहुप्रतीक्षित एग्ज़िट पोल यह संकेत दे सकते हैं कि राज्य किस दिशा में आगे बढ़ रहा है। हालाँकि, कई मौकों पर, एग्जिट पोल की भविष्यवाणियाँ गलत साबित हुई हैं, जिनमें सबसे प्रसिद्ध 2004 के लोकसभा चुनाव और 2017 के यूपी चुनाव हैं।