Home » रॉयल की धमाकेदार एंट्री, चहके बागवान; 170 रुपये किलो मिले दाम

रॉयल की धमाकेदार एंट्री, चहके बागवान; 170 रुपये किलो मिले दाम

  • मंडी में रॉयल किस्म के एक किलो सेब को 170 रुपये दाम मिले हैं।
    मुंबई ।
    जनजातीय जिला किन्नौर के निचले क्षेत्रों में सेब सीजन शुरू हो गया है। इस वर्ष टापरी उप मंडी में सेब प्रति किलो के हिसाब से बिक रहा है, जिससे बागवान खुश हैं। टापरी मंडी में रॉयल किस्म के सेब ने धमाकेदार एंट्री की है। मंडी में रॉयल किस्म के एक किलो सेब को 170 रुपये दाम मिले हैं। चोखे दाम मिलने से बागवानों के चेहरे भी खिल उठे हैं। गौर हो कि जिले के निचले क्षेत्रों में अब सेब सीजन ने रफ्तार पकड़ ली है। टापरी मंडी में अच्छी गुणवत्ता वाले सेब को 120 से लेकर 170 रुपये प्रति किलो तक दाम मिल रहे हैं। वहीं 20, 35 और 40 रुपये प्रति किलो बी ग्रेड का सेब बिक रहा है। जिले के निचले सेब बहुल क्षेत्रों में 25 अगस्त से अब तक सेब की करीब 9007 पेटियां टापरी मंडी में पहुंच चुकी हैं। निचार, सुंगरा, पौंडा, कफोर, कंगोस, चौरा, छोटा कंबा, बड़ा कंबा, बरी, तरांडा, निगुलसरी, नाथपा, रूपी, काचरंग, रॉकचरंग, रामनी, जानी, चगांव, उरनी, मीरू, किल्बा, पोवारी, कल्पा और पांगी क्षेत्रों में इन दिनों सेब सीजन जोरों पर चल रहा है। प्रगतिशील बागवान राकेश नेगी, गोविंद मोयान, जगदेव सिंह नेगी, रामेश्वर नेगी, गुमान सिंह नेगी, वेद प्रकाश नेगी, ज्ञान कीर्ति नेगी, बलबीर नेगी, धीरज नेगी और अनुपमा नेगी सहित अन्य बागवानों ने कहा कि किलो के हिसाब से सेब अच्छे दाम पर बिक रहा है। वहीं, टापरी उप मंडी के आढ़ती सीता राम नेगी और अनिल नेगी ने कहा कि किलो के हिसाब से सेब खरीदा जा रहा है। अच्छे गुणवत्ता वाले सेब को 120 से लेकर 170 रुपये प्रतिकिलो दाम मिल रहा है। उधर, कृषि उप मंडी टापरी के प्रभारी सिकंदर नेगी ने कहा कि जिले के निचले क्षेत्रों में अभी तक करीब 9007 पेटियां मंडी में पहुंच चुकी हैं।

Swadesh Bhopal group of newspapers has its editions from Bhopal, Raipur, Bilaspur, Jabalpur and Sagar in madhya pradesh (India). Swadesh.in is news portal and web TV.

@2023 – All Right Reserved. Designed and Developed by Sortd