Home » भाजपा और कांग्रेस के राज्य सभा प्रत्याशियों ने भरा नामांकन, सभी निर्विरोध जीतेंगे

भाजपा और कांग्रेस के राज्य सभा प्रत्याशियों ने भरा नामांकन, सभी निर्विरोध जीतेंगे

मुख्यमंत्री, भाजपा प्रदेश और ने चारों प्रत्याशियों का जमा कराया नामांकन

भोपाल। मध्यप्रदेश में राज्यसभा की रिक्त हो रहीं पांच सीटों के लिए आज भारतीय जनता पार्टी के चारों और कांग्रेस के एक उम्मीदवार ने नामांकन पत्र जमा कर दिया है। भारतीय जनता पार्टी ने केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन के साथ महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती माया नारोलिया, किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर और वाल्मीकि समाज के बाल संत उमेश नाथ महाराज को राज्यसभा का उम्मीदवार घोषित किया है। वहीं कांग्रेस ने प्रदेश कोषाध्यक्ष अशोक सिंह को उम्मीदवार बनाया है।

भाजपा के डॉ. एल. मुरुगन, बंशीलाल गुर्जर, उमेश नाथ महाराज और माया नारोलिया ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, प्रदेश शासन के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद सिंह पटेल व अन्य पार्टी पदाधिकारियों के साथ विधानसभा पहुंचकर निर्वाचन अधिकारी के समक्ष अपना नामांकन पत्र जमा कर दिया है। विधानसभा सदस्यों की संख्या के हिसाब से भाजपा ने चार और कांग्रेस ने एक उम्मीदवार घोषित किया है। ऐसे में चुनाव निर्विरोध होना लगभग तय है।

मध्यप्रदेश से राज्यसभा की पांच सीटें इस वर्ष अप्रैल में रिक्त हो रही हैं, जिनमें चार सीटें भाजपा और एक सीट कांग्रेस के खाते में जाएगी। दोनों पार्टियों ने सीट के हिसाब से ही उम्मीदवार घोषित किए हैं। ऐसे में मतदान की संभावना नहीं है और नामांकन वापसी का समय बीतने के बाद सभी पांचों प्रत्याशियों को निर्वाचित घोषित कर दिया जाएगा।

पटवारी और सिंघार भी पहुंचे

वहीं कांग्रेस पार्टी के प्रदेश कोषाध्यक्ष अशोक सिंह ने आज दोपहर करीब साढ़े बारह बजे विधानसभा पहुचकर अपना नामांकन दाखिल किया है। अशोक सिंह के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे और अन्य कांग्रेस विधायक व नेतागण उपस्थित रहे।

Swadesh Bhopal group of newspapers has its editions from Bhopal, Raipur, Bilaspur, Jabalpur and Sagar in madhya pradesh (India). Swadesh.in is news portal and web TV.

@2023 – All Right Reserved. Designed and Developed by Sortd