Home » नीतीश फिर भाजपा के साथ: शाम 5 बजे लेंगे नौंवी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ, लालू की पार्टी से नाता तोड़ा

नीतीश फिर भाजपा के साथ: शाम 5 बजे लेंगे नौंवी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ, लालू की पार्टी से नाता तोड़ा

नीतीश के साथ भाजपा के दो डिप्टी सीएम सहित आठ मंत्री लेंगे शपथ

पटना। बिहार की राजनीति में बहुत तेजी से घटनाक्रम बदल रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लालू यादव की पार्टी से गठबंधन तोड़कर भारतीय जनता पार्टी के साथ नया गठबंधन बना लिया है। आज रविवार को सुबह 11 बजे राज्यपाल से मिलकर नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफा देने के बाद नीतीश कुमार ने कहा कि उस गठबंधन में कुछ रहा नहीं। मैंने भाजपा के साथ गठबंधन बना लिया है। नीतीश कुमार ने 128 विधायकों के समर्थन का पत्र भी राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को सौंपा है। नीतीश कुमार आज शाम पांच बजे बिहार के नौंवी बार मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं।

नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा भी पटना पहुंच रहे हैं। नीतीश के नए मंत्रिमंडल में भाजपा के दो उप मुख्यमंत्री सहित कुल आठ मंत्री भी बनाए जा रहे हैं। आठ मंत्रियों में तीन मंत्री भाजपा, तीन नीतीश कुमार की पार्टी से होंगे। वहीं एक हम नाम के गठबंधन और एक निर्दलीय को मंत्री बनाया जा रहा है। हालांकि भाजपा से सम्राट चौधरी को उप मुख्यमंत्री बनाए जाने के अलावा बाकी अन्य नामों की आधिकारिक घोषणा होना बाकी है।

भाजपा के प्रदेश प्रभारी पटना में मौजूद

भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव से पहले इंडी गठबंधन को मूर्त रूप देने वाले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अपने पाले में लाकर बड़ा राजनीतिक दांव चला है। नीतीश कुमार ही हैं जिन्होंने पटना में आयोजित इंडी गठबंधन की पहली बैठक को आयोजित किया था। उसके बाद से माना जा रहा था कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों का यह गठबंधन भाजपा को कड़ी टक्कर देगा, लेकिन जिस तरह से भाजपा ने नीतीश कुमार को मिलाकर इंडी गठबंधन के गठन पर ही सवालिया निशान लगाया है। ऐसे में अब लोकसभा चुनाव में भाजपा को कोई टक्कर नहीं दिख रही। इस पूरे घटनाक्रम पर भाजपा के प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े कुछ दिनों से नजर बनाए हुए थे। तावड़े बीते एक सप्ताह से पटना में हैं।

Swadesh Bhopal group of newspapers has its editions from Bhopal, Raipur, Bilaspur, Jabalpur and Sagar in madhya pradesh (India). Swadesh.in is news portal and web TV.

@2023 – All Right Reserved. Designed and Developed by Sortd