असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को आज (6 अप्रैल) जोरहाट के टिटाबोर बोकाहोला बागिसा में एक चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे थे। इस दौरान मंच पर वह डांस करते नजर आये। यह प्रचार रैली जोरहाट संसदीय क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार टोपोन कुमार गोगोई के समर्थन में थी।
सरमा ने उत्साहपूर्वक तालियां बजाईं और एक लोकप्रिय झुमुर गीत पर नृत्य किया। इस लोकसभा चुनाव 2024 में असम में भाजपा 14 में से 11 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जबकि उसकी सहयोगी पार्टियां, असम गण परिषद (एजीपी), दो सीटों (बारपेटा और धुबरी) और यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल (यूपीपीएल) पर चुनाव लड़ रही हैं।
इससे पहले 27 मार्च को, जोरहाट संसदीय क्षेत्र (असम) से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार और मौजूदा सांसद टोपोन कुमार गोगोई ने कई समर्थकों के साथ संसदीय चुनाव के पहले चरण के लिए जोरहाट जिला आयुक्त कार्यालय में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
कांग्रेस चुनाव घोषणापत्र पर हिमंत बिस्वा सरमा बोले
कांग्रेस के घोषणापत्र पर सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, उनका घोषणापत्र पूरी तरह से तुष्टिकरण के बारे में है…वे समाज को बांटना चाहते हैं और सत्ता में आना चाहते हैं। हम उनकी तुष्टीकरण की राजनीति की निंदा करते हैं। कांग्रेस के घोषणापत्र को देखकर ऐसा लगता है कि उन्होंने पाकिस्तान चुनाव के लिए घोषणापत्र जारी किया है।
बता दें, असम में कुल 14 संसदीय क्षेत्र हैं। असम की 14 लोकसभा सीटों के लिए तीन चरणों में 19 अप्रैल, 26 अप्रैल और 7 मई को चुनाव होंगे। इस बीच, 543 लोकसभा सीटों के लिए चुनाव 19 अप्रैल से सात चरणों में होंगे। आम चुनाव में लगभग 97 करोड़ मतदाता वोट डालने के पात्र हैं। वोटों की गिनती 4 जून को होगी।