उत्तर प्रदेश के विशेष पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) प्रशांत कुमार को राज्य का नया कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नियुक्त किया गया है।1990 बैच के आईपीएस प्रशांत कुमार को यूपी का नया कार्यवाहक डीजीपी बनाया गया है। वह अभी तक स्पेशल डीजी लॉ एंड आर्डर के पद पर कार्यरत थे। प्रशांत कुमार CM योगी के भरोसेमंद अफसरों में से एक हैं और उन्हें इसका इनाम भी मिला है। प्रशांत कुमार का कार्यकाल मई 2025 तक है।
उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था को सुधारने में प्रशांत कुमार का अहम योगदान रहा है। इससे पहले वे मेरठ जोन के एडीजी भी रह चुके हैं। बता दें कि वर्तमान कार्यवाहक डीजीपी विजय कुमार आज 31 जनवरी को रिटायर हो रहे हैं। कहा जाता है कि प्रशांत कुमार अब तक 300 से अधिक एनकाउंटर कर चुके हैं। जबकि उनके कार्यकाल में एक हजार से अधिक माफिया और दुर्दांत अपराधियों का एनकाउंटर हुआ है। यूपी में खूंखार संजीव जीवा, कग्गा, मुकीम काला, सुशील मूंछ, अनिल दुजाना, सुंदर भाटी, विक्की त्यागी, साबिर गैंग का आतंक था।
वह विजय कुमार का स्थान लेंगे, जो आज सेवानिवृत्त हो रहे हैं। बिहार के सीवान जिले के मूल निवासी 58 वर्षीय प्रशांत कुमार उत्तर प्रदेश के लगातार चौथे कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक होंगे। वर्ष 1987 बैच के अधिकारी मुकुल गोयल को 11 मई 2022 को कर्तव्य के प्रति लापरवाही के आरोप में पद से हटाये जाने के बाद से उत्तर प्रदेश में किसी भी स्थायी डीजीपी की नियुक्ति नहीं हुई है।