- यमन के नजदीक सोकोत्रा से गुजर रहे ईरानी जहाज का नौ हथियारबंद समुद्री डाकुओं ने अपहरण कर लिया था।
नई दिल्ली। अरब सागर में ईरान के मछली पकड़ने वाले जहाज अल-कंबार पर हथियारबंद लोगों के हमले को विफल करते हुए भारतीय नौसेना ने उसमें मौजूद 23 पाकिस्तानियों को बचा लिया है। ये पाकिस्तानी जहाज के संचालन और अन्य कार्यों के लिए तैनात थे। यमन के नजदीक सोकोत्रा से गुजर रहे ईरानी जहाज का नौ हथियारबंद समुद्री डाकुओं ने अपहरण कर लिया था। इस घटना की सूचना मिलते ही भारतीय नौसेना सक्रिय हो गई और उसने अपने दो युद्धपोत- आएनएस सुमेधा और गाइडेड मिसाइलों से लैस आइएनएस त्रिशूल को अपहृत जहाज की तलाश करने और उसे मुक्त कराने के लिए रवाना कर दिया। दोनों युद्धपोत यमन के हूती विद्रोहियों के मालवाहक जहाजों पर हमलों के मद्देनजर क्षेत्र में ही तैनात थे। कुछ ही घंटों में अपहृत जहाज के नजदीक पहुंचकर नौसेना ने अपनी कार्रवाई शुरू कर दी।