प्रधानमंत्री, उप राष्ट्रपति, मुख्यमंत्री ने व्यक्त किया शोक
भोपाल। मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई है, वहीं 20 लोग घायल हुए हैं। हादसे का शिकार हुए पिकअप में करीब 35 लोग सवार थे। भीषण सड़क हादसे में मृतकों के प्रति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उप राष्टप्रति जेपी धनखड़, प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ9 मोहन यादव ने शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा करने के साथ घायलों का नि:शुल्क इलाज कराने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घायलों के बेहतर इलाज और मृतक परिजनों को सांत्वना देने के लिए प्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके को डिंडौरी भेजा गया है। मंत्री उइके घायलों को देखने अस्पताल पहुंची हैं। गंभीर रूप से घायल लोगों को जबलपुर ले जाने की तैयारी की जा रही है। अधिकांश मृतक अमहाई देवरी गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। मृतकों में छह पुरुष और आठ मलिाएं शामिल हैं।
देर रात डेढ़ बजे हुए हादसा
जानकारी के अनुसार डिंडौरी जिले के शहपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम बड़झर में बुधवार-गुरुवार राति करीब डेढ़ बजे पिकअप वाहन पलटा है। वाहन पलटकर करीब 20 फीट नीचे खेत में पहुंच गया था। रात अधिक होने के कारण रास्ते में बहुत कम वाहन चल रहे थे, जिसकी वजह से पुलिस को सूचना करीब डेढ़ घंटे बाद मिल सकी। इस कारण घायलों का इलाज देरी से शुरू हुआ और मृतकों की संख्या 14 तक पहुंच गई।