- मौसम विभाग ने तापमान बढ़ने को लेकर अलर्ट जारी किया है।
- शनिवार को हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
- हल्द्वानी में तो चार साल का रिकॉर्ड ही टूट गया, जहां पारा 40 डिग्री के पार चला गया।
नई दिल्ली। उत्तर भारत में अब गर्मी का सितम और बढ़ने वाला है। मौसम विभाग ने तापमान बढ़ने को लेकर अलर्ट जारी किया है। दिल्ली-एनसीआर के तापमान में इजाफा देखने को मिलेगा। हालांकि, मौसम विभाग ने इसी के साथ मानसून को लेकर एक खुशखबरी भी दी है।
दिल्ली-एनसीआर में लू का अलर्ट जारी
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार को तापमान में इजाफा देखा गया। इसी के साथ आईएमडी ने लू को लेकर भी अलर्ट जारी किया है। शनिवार को हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है, जिसके चलते अधिकतम तापमान 45 डिग्री तक पहुंच सकता है।
जम्मू में भी पारा चढ़ा, उत्तराखंड में टूटे रिकॉर्ड
जम्मू-कश्मीर में भी अब पहाड़ तपने लगे हैं और तापमान 42 डिग्री तक पहुंच गया है। तीन दिन में राज्य के पारे में 10 डिग्री का इजाफा हुआ है। वहीं, उत्तराखंड में भी गर्मी का प्रकोप जारी है। हल्द्वानी में तो चार साल का रिकॉर्ड ही टूट गया, जहां पारा 40 डिग्री के पार चला गया।
मानसून को लेकर खुशखबरी
आईएमडी की मानें तो इस बार मानसून की रफ्तार सामान्य से तेज है, क्योंकि इस बार मानसून बंगाल की खाड़ी से बढ़कर अंडमान निकोबार 19 मई को पहुंच जाएगा, जो पहले 22 मई को पहुंचता था। वहीं केरल में भी यह एक दिन पहले ही 31 मई को पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून आमतौर पर लगभग सात दिनों के मानक विचलन के साथ 1 जून को केरल में प्रवेश करता है। इस साल, दक्षिण-पश्चिम मानसून 31 मई को केरल में स्थापित होने की संभावना है। आईएमडी ने यह भी कहा कि इस बार उत्तर भारत में मानसूनी बारिश सामान्य से अधिक हो सकती है।