Home » समुद्री लुटेरों के कब्जे से एक और जहाज बचाने की कोशिश, नौसेना के युद्धपोत पर हुई फायरिंग

समुद्री लुटेरों के कब्जे से एक और जहाज बचाने की कोशिश, नौसेना के युद्धपोत पर हुई फायरिंग

  • नौसेना सोमालियाई लुटेरों से एक जहाज को बचाने की कोशिश कर रही है।

नई दिल्ली । भारतीय नौसेना के हिंद और अरब महासागर में बढ़ते प्रभाव का एक और उदाहरण देखने को मिला है। नौसेना सोमालियाई लुटेरों से एक जहाज को बचाने की कोशिश कर रही है। बचाव अभियान के दौरान समुद्री लुटेरों ने नौसेना के युद्धक जहाज पर हमला भी किया, लेकिन नौसेना द्वारा भी समुद्री लुटेरों को मुंहतोड़ जवाब दिया जा रहा है। जिस जहाज को बचाने की कोशिश की जा रही है, वह एमवी रुएन जहाज है, जिसे समुद्री लुटेरों ने बीते साल दिसंबर में हाइजैक किया था।

उस दौरान नौसेना ने क्रू के सदस्यों में से एक को बचाया था। अब एमवी रुएन का समुद्री लुटेरे अन्य जहाजों को लूटने के लिए इस्तेमाल कर रहे थे। नौसेना ने 15 मार्च को एमवी रुएन जहाज को सोमालिया के पूर्वी तट पर इंटरसेप्ट किया। नौसेना ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय नियमों के मुताबिक समुद्री लुटेरों के जहाज के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। नौसेना ने बयान जारी कर बताया कि ‘समुद्री लुटेरों ने भारतीय नौसेना के युद्धक जहाज पर फायरिंग की। इसके बाद जहाज पर मौजूद समुद्री लुटेरों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा गया।’ हालांकि कार्रवाई अभी भी जारी है। नौसेना ने कहा कि ‘इंडियन नेवी समुद्री सीमाओं की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।’

समुद्री लुटेरों से बचाया गया जहाज माल्टा का है, जिसे समुद्री लुटेरों ने 14 दिसंबर 2023 को अदन की खाड़ी से अगवा कर लिया था। नौसेना ने उस वक्त भी अपने युद्धक जहाज को एमवी रुएन की मदद के लिए भेजा था।

भारतीय नौसेना ने हाल ही में हिंद महासागर में एक बांग्लादेशी जहाज को भी सोमालिया के समुद्री लुटेरों से बचाया था। 12 मार्च को मोजांबिक से संयुक्त अरब अमीरात जा रहे बांग्लादेशी व्यापारिक जहाज को हिंद महासागर में 15-20 हथियारबंद लुटेरों ने अगवा करने की कोशिश की। हमले के वक्त जहाज पर बांग्लादेश के 23 क्रू मेंबर्स सवार थे। हाइजैक की सूचना मिलते ही नौसेना ने जवाबी कार्रवाई की और भारतीय युद्धपोत को बांग्लादेशी जहाज को बचाने के लिए रवाना किया। 14 मार्च की सुबह नौसेना ने बांग्लादेशी जहाज को रेस्क्यू कर लिया। जहाज पर मौजूद सभी क्रू मेंबर सुरक्षित हैं।

Swadesh Bhopal group of newspapers has its editions from Bhopal, Raipur, Bilaspur, Jabalpur and Sagar in madhya pradesh (India). Swadesh.in is news portal and web TV.

@2023 – All Right Reserved. Designed and Developed by Sortd