Home » महाराष्ट्र अधिवेशन में विपक्ष पर बरसे अमित शाह, शरद पवार और उद्धव ठाकरे पर जमकर साधा निशाना

महाराष्ट्र अधिवेशन में विपक्ष पर बरसे अमित शाह, शरद पवार और उद्धव ठाकरे पर जमकर साधा निशाना

  • महाराष्ट्र के हर कार्यकर्ता ने परिश्रम की पराकाष्ठा करके भाजपा को यश दिलाने का काम किया है।
  • हमने महाराष्ट्र के कार्यकर्ताओं को चुनाव अभियान के दौरान दौड़ते हुए देखा है, पसीना बहाते हुए देखा है

मुंबई । केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने पुणे में भाजपा महाराष्ट्र के प्रदेश अधिवेशन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि हमने महाराष्ट्र के कार्यकर्ताओं को चुनाव अभियान के दौरान दौड़ते हुए देखा है, पसीना बहाते हुए देखा है, परिणाम के लिए पल-पल जूझते हुए देखा है। मैं आज कहने आया हूं कि महाराष्ट्र के हर कार्यकर्ता ने परिश्रम की पराकाष्ठा करके भाजपा को यश दिलाने का काम किया है।

शाह ने कहा, ‘पुणे बाल गंगाधर तिलक जी का शहर है। यह वही धरती है जिसने हमें ‘केसरी’ अखबार दिया और नारा दिया “स्वराज मेरा जन्मसिद्ध अधिकार है और मैं इसे लेकर रहूँगा”। मैं बाल गंगाधर तिलक, बाजीराव पेशवा और वीर सावरकर को नमन करके अपनी बात शुरू करना चाहूँगा। मैं आप सभी को गुरु पूर्णिमा की हार्दिक शुभकामनाएँ देता हूँ!’

शाह ने कहा, ‘मैंने देखा है कि हमारे कार्यकर्ता इस भीषण गर्मी में चुनाव के दौरान अथक परिश्रम कर रहे हैं। मैं यह घोषणा करने आया हूँ कि महाराष्ट्र के हर कार्यकर्ता ने भाजपा को जिताने के लिए कड़ी मेहनत की है। 60 साल बाद किसी प्रधानमंत्री ने लगातार तीसरी बार शपथ ली है। यह केवल पीएम मोदी जी के कुशल नेतृत्व के कारण संभव हुआ है। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में हमें पहले से भी अधिक जनादेश प्राप्त करने का प्रयास करना चाहिए!’ उन्होंने आगे कहा, ’60 साल बाद, देश में किसी एक नेता को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने का यश मिला है, तो वो हमारे नेता नरेन्द्र मोदी जी को मिला है। आज मैं महाराष्ट्र के कार्यकर्ताओं को कहने आया हूं कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में 2014 व 2019 के योग से भी बड़ी विजय 2024 में प्राप्त करने के लिए पुरुषार्थ करना है।’

लोकसभा चुनाव के नतीजों का जिक्र करते हुए शाह ने कहा, ‘आज मैं एक उदाहरण देकर 2024 के चुनाव नतीजे को समझाना करना चाहता हूं। दो बच्चे थे, एक ही क्लास में पढ़ाई करते थे। एक बच्चा हमेशा 80% मार्क्स से पास होता था, क्लास में नंबर वन आता था, तीसरी बार उसने लक्ष्य तय किया कि 80% नहीं 90% लाऊंगा। दूसरा जो विद्यार्थी था, 4 साल से उसी कक्षा में था, वो पास नहीं कर पा रहा था। उसके 20% मार्क्स आ रहे थे और उसने लक्ष्य रखा कि मैं इस बार 30% लाऊंगा, उसने पास होने का लक्ष्य नहीं रखा, बल्कि 30% मार्क्स लाने का लक्ष्य रखा।’ उन्होंने आगे कहा, ‘जब परिणाम आया तो जिसने 90% का लक्ष्य रखा था, उसके 80 की जगह 78% मार्क्स आए और दूसरे विद्यार्थी को 20% की जगह 25% आ गये। अब आप बताइए कि किस विद्यार्थी का परिणाम अच्छा है? मैंने पहली बार ऐसा देखा है कि 30% मार्क्स का लक्ष्य तय करने वाला 25% मार्क्स लेकर अहंकार में आ गया।’

Swadesh Bhopal group of newspapers has its editions from Bhopal, Raipur, Bilaspur, Jabalpur and Sagar in madhya pradesh (India). Swadesh.in is news portal and web TV.

@2023 – All Right Reserved. Designed and Developed by Sortd