देर रात की घटना, नशे में धुत युवकों को कुएं का पता ही नहीं चला
भोपाल। रातीबढ़ थाना इलाके में स्थित सिकंद्राबाद गांव के नजदीक सड़क किनारे बने कुऐं में बाइक सहित दो युवक बीती देर रात जा गिरे। हादसे में एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत नाजुक बनी हुई है। रेसक्यू कर देर रात पुलिस ने शव व घायल युवक को बाहर निकाला था। बताया जा रहा है कि दोनों युवक पार्टी कर घर लौट रहे थे। तभी हादसे का शिकार हुए और उनकी जान चली गई। मामले में मर्ग कायम कर पुलिस ने जांच शुरु कर दी है।
जानकारी के अनुसार अनिल कर्मा पुत्र नेहरु कर्मा (30) निवासी आमला गांव रातीबढ़ मेहनत मजदूरी करता था। मंगलवार की रात वह दोस्त जितेंद्र के साथ खजूरी में रहने वाले साड़ू के घर सीडी डिलक्स बाइक से गया था। जहां से देर रात लौटते समय रातीबढ़ के सिकंद्राबाद गांव के नजदीक सड़क किनारे बने कुऐं में युवक बाइक सहित जा गिरे। घटना के समय अनिल बाइक चला रहा था। कुऐं में गिरने के बाद में अनिल की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि ग्रामीणों और पुलिस ने रेसक्यू आपरेशन चलाकर जितेंद्र को बचा लिया। तड़के चार बजे जितेंद्र को कुऐं से निकालने के बाद अस्पताल पहुंचाया गया था। जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरु कर दी है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों युवक खजूरी में रहने वाले अनिल के साड़ू के पास मिलने गए थे। जहां तीनों ने पार्टी की, हादसे के समय दोनों युवक शराब के नशे में थे।
अधिक नशा होने के कारण अनिल को सड़क किनारे बना कुआ दिखाई नहीं दिया और वह उसने में जा गिरा। मृतक की बॉडी का हमीदिया स्थित मरचुरी में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। जिसके बाद में शव परिजनों के हवाले कर दिया जाएगा।
In Ratibad area, two youths along with bike fell in a well without a cover, one dead, the other serious.