प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वर्गीय पिता पर कांग्रेस नेता अरुण यादव द्वारा की गई टिप्पणी पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने यादव की निंदा की है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के फूहड़ शब्दों का उपयोग करना अत्यंत दुर्भाग्यजनक है। जिस प्रकार की भाषा का उन्होंने उपयोग किया है, ये केवल पीएम मोदी का अपमान नहीं देश की 140 करोड़ जनता का अपमान है। शर्मा ने कहा कि जिस प्रकार की ओछी शब्दावली का उपयोग यादव ने किया है, उससे उनके स्वर्गीय पिता सुभाष यादव भी दुखी होंगे कि मैंने तो ये संस्कार अरुण को नहीं दिए थे। हम तो सुभाष यादव का भी सम्मान करते हैं क्योंकि हमें पीएम मोदी ने संस्कार दिए हैं। राजनीति में चाहे पक्ष में हों या विपक्ष में हों, इस प्रकार की शब्दावली का उपयोग क्या उचित है? शर्मा ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शायद यादव को ये संस्कार दिए होंगे? इसका जवाब जनता को देना होगा। गौरतलब है कि पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने अरुण यादव ने मीडिया को दिए बयान में कहा है कि नड्डा आ जाएं, मोदी या उनके पिता आ जाएं या कोई और आ जाए, इस बार सरकार कांग्रेस की ही बनेगी।
हनुमान गदा को सजावट की वस्तु कहना चुनावी हिन्दू का चरित्र
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ द्वारा हनुमान गदा को डेकोरेशन कहने पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा है कि कमलनाथ ने जो उनकी मन की वास्तविकता है या कांग्रेस का धर्म, अध्यात्म के प्रति जो मोलभाव है उसको व्यक्त किया है । गदा के बारे में शायद वो नहीं समझते कि वो गदा की भूमिका क्या है? हनुमानजी के हाथ में जो गदा है उसका अर्थ क्या होता है ? उसका भाव क्या होता है वो इसको डेकोरेशन की वस्तु ही मानते हैं। कमलनाथ ने हनुमान गदा को सजावट की वस्तु कहकर अपने मूल भाव चरित्र को बताया है कि यही चुनावी हिन्दू है।