Home » अपनी भूमिका निभाएं मतदाता

अपनी भूमिका निभाएं मतदाता

लोकसभा चुनाव के लिए तीसरे चरण का मतदान आज होना है। लोकसभा के प्रत्येक चरण के साथ राजनीतिक गर्मी तो बढ़ी ही है, साथ में सूरज के तेवर भी तीखे होते जा रहे हैं। जिसका सीधा असर मतदान प्रतिशत पर आ रहा है। मतदाता तेज गर्मी के कारण घरों से नहीं निकल रहे हैं। घटता मत प्रतिशत स्वस्थ लोकतंत्र के लिए शुभ नहीं है। अपनी जिम्मेदारी को महत्वपूर्ण मानते हुए मतदाताओं को मतदान केंद्रों तक पहुंचना होगा। मतदाताओं को जरा सोचना चाहिए कि क्या यह गर्मी हमें अपने आवश्यक कार्यों को करने से रोक पाती है? जब हम अपने सभी कार्य कर रहे हैं तो मतदान जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य को करने में कहां बाधा आती है? याद रखें, मतदाता की निष्क्रियता का लाभ स्वार्थी राजनेताओं/राजनीतिक दलों को मिलता है। गलत लोगों/दलों के चुने जाने में हम दो तरह से सहभागी होते हैं। एक तो देश की न सोचकर निजी कारणों को ध्यान में रखकर किसी उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करना और दूसरा तरीका है वोट ही न डालना। वोट नहीं डालकर हम खराब लोगों के चुने जाने में मदद करते हैं। इसलिए मतदान अवश्य करें। राष्ट्रीय महत्व के यह चुनाव भारत के भविष्य से जुड़े हैं। देश–दुनिया में सक्रिय भारत विरोधी ताकतें पूरी ताकत के साथ निर्वाचन को प्रभावित करने के प्रयास कर रही हैं। उनका पूरा जोर है कि भारत की प्रगति पर रोक लगाई जाए। इसलिए कई राजनेताओं एवं बुद्धिजीवियों की ओर से भ्रम का वातावरण भी खड़ा किया जा रहा है। जागरूक लोगों को स्वयं भी भ्रम में नहीं फंसना है और शेष समाज को भी जागरूक करना है। हम मतदान करने जाएं तो अवश्य विचार करें कि हमें किसे चुनना है? वैसे तो निर्वाचन में प्रत्याशी का भी बड़ा महत्व है। अच्छा प्रत्याशी क्षेत्र का भली प्रकार नेतृत्व करता है। लेकिन कुछ मामलों में प्रत्याशी से अधिक महत्व पार्टी का हो जाता है। सरकार बनने के बाद बड़े निर्णय पार्टी के स्तर पर ही लिए जाते हैं। तब मतदाता का एक वोट देशहित की नीति बनाने में अपनी भूमिका निभाता है। इसलिए हो सकता है कि मतदाताओं में किसी प्रत्याशी को लेकर नाराजगी हो, तब मतदाताओं को विवेकपूर्ण निर्णय लेना चाहिए। इस समय मतदाता को यह सोचना चाहिए कि वह केंद्र में किस पार्टी की सरकार बनाना चाहता है। बहरहाल, लोकसभा के तीसरे चरण में मध्यप्रदेश की नौ संसदीय सीटों पर भी मतदान है। मध्यप्रदेश में विशेषतौर से तीन सीटों पर सबकी नजर है। ये सीटें हैं– गुना, विदिशा और राजगढ़। इन क्षेत्रों से केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और अपने बयानों को लेकर अक्सर विवाद में रहने वाले पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह मैदान में हैं। इसके अलावा मुरैना, सागर, ग्वालियर, भिंड, भोपाल और बैतूल सीट पर भी आज मतदान है। इन सभी सीटों पर वर्ष 2019 के चुनाव में भाजपा ने जीत दर्ज की थी। इस बार देखना होगा कि भाजपा पिछले वर्ष का रिकॉर्ड दोहरा पाती है या नहीं? विशेषकर इस बार राजगढ़ और मुरैना सीट पर मुकाबला कड़ा है। भाजपा के कार्यकर्ताओं को यह दोनों सीटें जीतने के लिए अतिरिक्त प्रयास करने होंगे। वहीं, कांग्रेस के पास भी अवसर है कि वह पहले से कुछ बेहतर प्रदर्शन करे। मध्यप्रदेश के लिहाज से आज का दिन बहुत महत्व का है। देखना होगा कि मतदाता किसे आशीर्वाद देते हैं। पुनश्च, मतदाता याद रखें कि लोकतंत्र में एक-एक वोट का बड़ा महत्व है। एक-एक ईंट जोड़कर मजबूत इमारत खड़ी होती है। ठीक ऐसे ही आपके एक-एक वोट से दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र मजबूत होगा। इसलिए घर से निकालिए, मतदान अवश्य कीजिए।

Swadesh Bhopal group of newspapers has its editions from Bhopal, Raipur, Bilaspur, Jabalpur and Sagar in madhya pradesh (India). Swadesh.in is news portal and web TV.

@2023 – All Right Reserved. Designed and Developed by Sortd