Home » जीडीपी में वृद्धि से साकार होंगे सपने

जीडीपी में वृद्धि से साकार होंगे सपने

लोकसभा चुनाव से ठीक पहले भारतीय अर्थव्यवस्था पर आए शुभ समाचार ने आकांक्षावान भारत के सपनों में रंग भरने का काम किया है। जीडीपी के तीसरी तिमाही के आंकड़े यह विश्वास पैदा करते हैं कि मोदी सरकार की आर्थिक नीतियां बेहतर हैं, जो हमें दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने में सफल होंगी। तीसरी तिमाही की जीडीपी में अमेरिका से लेकर चीन तक भारत के आंकड़े से पिछड़ गए हैं। विदेश नीति में झंडा गाड़ रहे भारत की आर्थिक विकास दर अब दुनिया के दो विकसित देशों से भी आगे हो गई है। भारत की 8.4 प्रतिशत ग्रोथ के मुकाबले चीन में 5.2 प्रतिश, अमेरिका में 3.1 प्रतिशत ग्रोथ रही। आईएमएफ जैसी अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं का अनुमान है कि मौजूदा वित्त वर्ष में अमेरिका, जापान, चीन जैसे देशों से बेहतर आर्थिक वृद्धि भारत की होगी। जीडीपी की 8.4 प्रतिशत वृद्धि दर उन सब धुरंधर अर्थशास्त्रियों को भी आईना दिखाती है, जो राजनीतिक प्रतिबद्धताओं के कारण मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों की आलोचना कर रहे थे। जाहिर है कि ऐसे अर्थशास्त्रियों ने निष्पक्ष होकर मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों का मूल्यांकन नहीं किया अपितु मोदी सरकार की आलोचना करके विपक्ष के पक्ष में माहौल बनाने के लिए अपनी बौद्धिकता को खपा दिया। याद हो कि राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के आंकड़ों के बाद आरबीआई के पूर्व गर्वनर रघुराम राजन ने 2022 में राहुल गांधी से कहा था कि भारत अगले साल 5 प्रतिशत जीडीपी ग्रोथ भी दर्ज कर ले तो खुशकिस्‍मत होगा। लेकिन उनके अनुमान से कहीं ज्यादा बेहतर स्थिति में भारतीय अर्थव्यवस्था पहुंच गई है। राजन, मोदी सरकार की अर्थनीति के कट्टर आलोचकों में रहे हैं। लेकिन तीसरी तिमाही की जीडीपी आंकड़े से उनको करारा जवाब मिला है। राजन जैसे बड़े अर्थशास्त्रियों को भी अपने भीतर झांककर देखना चाहिए और उन्हें पूर्वाग्रहों से दूर होकर भारत के बारे में विचार करना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हाल ही में लोकसभा में अर्थव्यवस्था को तीसरे नंबर पर पहुंचने का दावा किया था। उन्होंने कहा था कि कांग्रेसनीत संप्रग सरकार के समय में देश की अर्थव्यवस्था 10वें स्थान पर पहुंच गई थी। उन्होंने कहा था कि विपक्ष को देश की तरक्की पच नहीं रही है। अब जबकि जीडीपी के आंकड़े बेहद उत्साहजनक है तो निश्चित तौर पर प्रधानमंत्री मोदी आम चुनाव में इस आंकड़े को उठाने वाले हैं। देश की तरक्की का लाभ देश के साथ-साथ सत्तारूढ़ भाजपा को भी मिलना तय माना जा रहा है। जीडीपी में अभूतपूर्व वृद्धि दर ने चुनावी वर्ष में मोदी सरकार का आत्मविश्वास बढ़ा दिया है। ‘अबकी बार 400 पार’ के नारे के साथ लगातार तीसरी बार जीत के लिए उतरे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अब इस आंकड़े के जरिए विपक्ष के सवालों को तगड़ा जवाब दे सकते हैं। जनता के सामने यह बात मजबूती से रख सकते हैं कि उनकी सरकार ही भारत की जनता के सपनों को साकार कर सकती है। उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ समय से विपक्षी नेता देश की अर्थव्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार पर बड़ा आरोप लगा रहे थे। विनिर्माण, खनन और निर्माण के क्षेत्र में जोरदार वृद्धि ने देश की अर्थव्यवस्था को गति दे दी है। ये तीन ऐसे क्षेत्र हैं जहां नौकरियां भी बड़ी संख्या में मिलती हैं। वैसे तो देश में सबसे ज्यादा रोजगार कृषि क्षेत्र से मिलता है लेकिन इसके बाद उद्योग जगत, सेवा क्षेत्र और खनन की बारी आती है। इन तीन क्षेत्रों में आर्थिक वृद्धि के कारण रोजगार बढ़ने की उम्मीद और बढ़ गई है। अभी तक मोदी सरकार रोजगार को लेकर ही विपक्ष के निशाने पर रहे हैं। अगर अगले कुछ महीनों तक रोजगार के आंकड़े बढ़ते रहे तो मोदी सरकार विपक्ष को यहां भी करारा जवाब दे सकती है।

Swadesh Bhopal group of newspapers has its editions from Bhopal, Raipur, Bilaspur, Jabalpur and Sagar in madhya pradesh (India). Swadesh.in is news portal and web TV.

@2023 – All Right Reserved. Designed and Developed by Sortd