Home » उपलब्धियों भरा वर्ष भविष्य की राह

उपलब्धियों भरा वर्ष भविष्य की राह

मोदी सरकार आम चुनाव से पहले आज अंतरिम बजट प्रस्तुत करेगी। चूँकि यह अंतरिम बजट है और ऐसी परंपरा है कि अंतरिम बजट में सरकार बहुत अधिक नये प्रावधान नहीं करती है। परंतु, मोदी सरकार नवाचार करने के लिए जानी जाती है। इसलिए नागरिकों को उम्मीद है कि भले ही सरकार कोई बड़ी घोषणाएं न करे लेकिन आनेवाले समय की कुछ झलक अवश्य ही बजट के माध्यम से सरकार प्रस्तुत करेगी। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में उनकी सरकार भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लिए प्रयत्नशील है। विकास के रंगों से भारत की तस्वीर में उजले रंग भरने का कार्य भी मोदी सरकार कर रही है। अपने अब तक के कार्यकाल में सरकार ने नवाचारी कदम उठाते हुए प्रगति के नये सोपान तय किए हैं। बजट सत्र की शुरुआत से पहले लोकसभा और राज्यसभा के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी पिछले एक वर्ष की उपलब्धियों का उल्लेख किया। ये उपलब्धियां किसी भी सरकार के काम करने की गति को भी बयान करती हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि बीता वर्ष भारत के लिए ऐतिहासिक उपलब्धियों से भरा रहा। उन्होंने महिला आरक्षण कानून, नये कानून, एशियन गेम्स के इतिहास में सबसे अधिक मेडल, चंद्रयान-तीन की सफलता और राम मंदिर निर्माण का सपना पूरा होने का जिक्र किया। राम मंदिर निर्माण को लेकर आनंद का जो वातावरण देश दिखाई देता है, वही वातावरण संसद में भी दिखाई दिया। जैसे ही राष्ट्रपति ने राम मंदिर का उल्लेख किया, सांसदों ने बहुत देर तक मेज थपथपाकर अपना हर्ष व्यक्त किया। यह सच है कि भगवान राम हमारे देश को एकसूत्र में बांधते हैं। जनता से लेकर उनके जनप्रतिनिधियों तक एक ही भाव का संचार होता दिख रहा है। यह इसलिए भी स्वाभाविक है क्योंकि हिन्दुओं ने अपने आराध्य की जन्मभूमि प्राप्त करने के लिए लंबी प्रतीक्षा की है। जब सदियों की आकांक्षा पूरी होती है, तब उसका आनंद अलग ही होता है। हालांकि, राजनीति में एक वर्ग ऐसा भी है, जिसे राम मंदिर बनने की खुशी नहीं है। उसे जनाकांक्षाओं से अधिक वोटबैंक की चिंता है। इसलिए उस वर्ग में अनेक ऐसे नेता हैं, जो भीतर से तो भारी प्रसन्न हैं लेकिन अपनी प्रसन्नता को प्रकट नहीं कर पा रहे हैं। बहरहाल, राष्ट्रपति का अभिभाषण बहुत सधा हुआ था, जिसमें भारत सरकार की उपलब्धियों की झलक िदखाई देती है। उन्होंने सरकार के उन ऐतिहासिक कार्यों का भी उल्लेख किया, जिनके पूर्ण होने की कल्पना भी लोगों ने छोड़ दी थी। जम्मू-कश्मीर से विवादित और अलगाववादी अनुच्छेद-370 एवं 35 ए को हटाने के बारे में कौन सोच सकता था? लेकिन दृढ़ इच्छाशक्ति वाली सरकार ने असंभव से दिखनेवाले इस कार्य को भी बहुत कुशलता से पूर्ण किया। गरीबी उन्मूलन की दिशा में भी सरकार को उल्लेखनीय उपलब्धियां प्राप्त हुई हैं। नीति आयोग की रिपोर्ट के अनुसार सरकार ने अपने लगभग एक दशक के कार्यकाल में लगभग 25 करोड़ परिवारों को गरीबी से बाहर निकाला है। वहीं, वित्त मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार भी जिनके जन-धन खाते खोले गए थे, उनकी आर्थिक स्थिति भी पहले से बहुत बेहतर हुई है। सरकार की ये सब उपलब्धियां आनेवाले समय की ओर भी संकेत करती हैं। देश प्रगति एवं खुशहाली के पथ पर आगे बढ़ रहा है। आज अंतरिम बजट में भी यही प्रयास होंगे कि विकास की यह गति बनी रहे।

Swadesh Bhopal group of newspapers has its editions from Bhopal, Raipur, Bilaspur, Jabalpur and Sagar in madhya pradesh (India). Swadesh.in is news portal and web TV.

@2023 – All Right Reserved. Designed and Developed by Sortd