भोपाल। भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा को दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग आज से सीहोर में शुरू हो गया है। सुबह साढ़े दस बजे से शुरू हुए उद्घाटन सत्र को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. के लक्ष्मण, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कृष्णा गौर, प्रदेश अध्यक्ष नारायण सिंह कुशवाहा एवं प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विजय दुबे संबोधित कर रहे हैं। वर्ग के दौरान विभिन्न विषयों पर आधारित सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इन्हें पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे। प्रशिक्षण वर्ग में मोर्चा के सवा दो सौ से अधिक पदाधिकारी शामिल हो रहे हैं।
आज सीहोर मना रहा अपना गौरव दिवस
मुख्यमंत्री का गृह जिला सीहोर मंगलवार को अपना गौरव दिवस मनाएगा। इस दौरान शहर में घर-घर रंगोली से सजावट होगी व दीप जगमगाएंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जिला मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे व जनसभा को संबोधित करेंगे। इससे पहले वह शहर में रोड शो भी करेंगे। गौरव दिवस के मौके पर शहर में एक हजार पौधे रोपे जाएंगे। वहीं 501 कन्याओं को भोजन कराया जाएगा। शाम को दीपावली पर्व की तरह साज-सज्जा होगी। रंगोली और रंगीन रोशनी से शहर को सजाया जाएगा।
मुख्यमंत्री करेंगे प्रतिभाओं को सम्मानित
गौरव दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री चौहान भी वहां पहुंचेंगे। वह वहां अमर शहीद कुंवर चैन सिंह की छतरी पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे, साथ ही अंग्रेजों से संघर्ष में शहीद हुए 356 सैनिकों की स्मृति में शहीद स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। रोड शो के बाद मुख्यमंत्री टाउन हॉल में आयोजित कार्यक्रम में सीहोर की प्रतिभाओं को सम्मानित करेंगे।
इस दौरान शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाएं तथा स्वयंसेवी संगठन नगर की स्वच्छता, विकास गतिविधियों और पर्यावरण-संरक्षण का संकल्प भी दिलाया जाएगा। कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध गायिका मोनाली ठाकुर की सांगीतमय प्रस्तुति भी होगी।
Sehore is celebrating its pride day today, training of BJP Backward Class Morcha also started.
aaj seehor mana raha apana gaurav divas, bhaajapa pichhada varg morcha ka prashikshan bhee shuroo.