41
- बारिश ने मौसम सुहाना बनाने के साथ ही दमघोंटू हवा में भी सुधार हुआ ।
- प्रदूषण की मार झेल लोगों को बारिश के आने से कुछ राहत जरूर मिली है।
नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार की सुबह से हो रही बारिश ने मौसम सुहाना बनाने के साथ ही दमघोंटू हवा में भी सुधार किया है। शुक्रवार तड़के हुई बारिश के बाद भी सुबह 9 बजे से कई जगह बारिश हो रही है। इस बारिश ने न सिर्फ आम लोगों को बल्कि प्रशासन को भी राहत पहुंचाई है, जो वायु गुणवत्ता सुधारने के लिए कृत्रिम बारिश कराने की योजना बना रही है। दिल्ली-एनसीआर में सुबह से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने मौसम सुहाना बना दिया है। प्रदूषण की मार झेल लोगों को बारिश के आने से कुछ राहत जरूर मिली है। बारिश से पहले जहां दिल्ली-एनसीआर में सांस लेना तक मुश्किल हो गया था, वहीं अब हवा काफी साफ हो गई है। हालांकि अब भी वायु गुणवत्ता सूचकांक बहुत खराब स्थित में बना हुआ है।
दिल्ली-एनसीआर में भी बारिश की संभावना
आज की बारिश के बाद आईएमडी की वैज्ञानिक सोमा सेना रॉय ने बताया कि हम दिल्ली के ऊपर सिर्फ घने बादलों की अपेक्षा कर रहे थे। हालांकि बारिश ज्यादा अच्छी हो गई। पश्चिमी विक्षोभ अभी बना हुआ है जिसके चलते हमारा अनुमान है कि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में अच्छी बारिश होगी। हम पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान और यूपी के भी कुछ भाग में बारिश की संभावना है।
सुधार के बाद भी बहुत खराब बनी हुई है दिल्ली की हवा
मौसम विभाग की मानें तो अभी एक दो बार और हल्की वर्षा हो सकती है। इससे दिन के तापमान में कमी आने की उम्मीद है और यह 30 डिग्री से नीचे जा सकता है। दूसरी तरफ दिल्ली का एक्यूआई जो पिछले सात दिन से 400 से ऊपर यानी गंभीर श्रेणी में चल रहा था, वो थोड़ा गिरकर नीचे यानी बहुत खराब श्रेणी में पहुंच गया है।
वर्षा से बदला दिल्ली का मौसम
पश्चिमी विक्षोभ के असर से शुक्रवार अल सुबह हुई वर्षा से दिल्ली के मौसम में भी बदलाव देखने को मिला है। ठंडक थोड़ी बढ़ी है और हवा की गुणवत्ता में आंशिक सुधार हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में सुबह साढ़े आठ बजे तक 5.8 मिमी वर्षा हुई है। सुबह का तापमान सामान्य से दो डिग्री ऊपर 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।