लोक आस्था का महापर्व छठ भारत के कई हिस्सों में धूमधाम से मनाया जाता है। चार दिनों के महापर्व पर श्रद्धालुओं के बीच आस्था का उत्साह और पवित्रता की पराकाष्ठा देखी जाती है। भारत के अलावा अब अमेरिका में भी सैकड़ों भारतीय-अमेरिकी छठ पूजा मनाते हैं। कैलिफोर्निया की सिलिकॉन वैली में पीढ़ियों से चली आ रही अपनी पारिवारिक परंपरा को जीवित रखते हुए श्रद्धालुओं ने महापर्व के तीसरे दिन अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया। विज्ञान और तकनीक से घिरे रहने के बावजूद सैकड़ों भारतीय-अमेरिकी श्रद्धालु अपने दोस्तों और परिवारों के साथ आस्था का महापर्व मना रहे हैं। छठ पूजा के हिस्से के रूप में सूर्य देव की पूजा-उपासना करने के लिए सैकड़ों श्रद्धालु अमेरिकी शहर फ़्रेमोंट में एक झील के किनारे एकत्र हुए।
1200 लोग हुए थे शामिल
कैलिफोर्निया के फ़्रेमोंट में रहने वाले सैकड़ों भारतीय-अमेरिकी श्रद्धालुओं में एक राकेश सिंह ने बताया, “हम यहां छठ पूजा मना रहे हैं। हमने इसे 2011 में शुरू किया था और उस समय केवल कुछ लोगों ने ही इसमें भाग लिया था। बाद में, धीरे-धीरे लोग इसमें शामिल होने लगे और 2014 के बाद, यह वास्तव में बढ़ने लगा। लगभग 1,200 लोग पिछले साल छठ महापर्व पर शामिल हुए थे।
उत्सव मनाना बिल्कुल सामान्य है
इस साल, फ़्रेमोंट में आयोजकों ने छठ पूजा समारोह के लिए झील के किनारे प्रवेश के लिए मुफ्त टिकट की पेशकश की। आयोजकों के अनुसार, सिस्टम खुलने के कुछ ही घंटों के भीतर ही सभी मुफ्त टिकट बिक गए। बड़ी संख्या में लोग प्रतीक्षा सूची में रहे। एक अन्य स्थानीय निवासी सुनील ने बताया, हमने सोचा कि हमारे बच्चों को कैसे पता चलेगा कि छठ वास्तव में कैसे मनाया जाता है? घर पर (भारत में) उत्सव मनाना बिल्कुल सामान्य है। मैं अपनी पत्नी और बेटी को झील के किनारे ले गया क्योंकि मैं पास में ही रहता हूं। मैंने अपने दोस्तों, अजय और राकेश को बुलाया।