238
- भारत पहली बार एशियन गेम्स के इतिहास में 100 का आंकड़ा छूने में कामयाब रहा है।
- भारत का एशियन गेम्स में बेस्ट प्रदर्शन 70 मेडल का था जो 5 साल पहले जकार्ता में आया था।
नई दिल्ली, भारत ने एशियन गेम्स 2023 में मेडल्स का शतक पूरा कर इतिहास रच दिया है। भारत पहली बार इन खेलों में 100 का आंकड़ा छूने में कामयाब रहा है। इससे पहले भारत का एशियन गेम्स में बेस्ट प्रदर्शन 70 मेडल का था जो 5 साल पहले जकार्ता में आया था। वुमेंस कबड्डी टीम ने आज यानी 7 अक्टूबर को गोल्ड मेडल मैच में चीनी ताइपे को हराकर भारत के 100 मेडल पूरे किए। इससे पहले तीरंदाजी में भारत ने चार मेडल जीते थे। भारत अभी तक एशियन गेम्स में 25 गोल्ड, 35 सिल्वर और 40 ब्रॉन्ज मेडल जीत चुका है। ऑलओवर टैली में भारत चौथे पायदान पर है। चीन 187 गोल्ड के साथ पहले, जापान 47 गोल्ड के साथ दूसरे और साउथ कोरिया 36 गोल्ड के साथ तीसरे पायदान पर है। भारत ने अभी तक सबसे ज्यादा मेडल एथलेटिक्स में जीते हैं। इन खेलों में भारत को कुल 29 पदक मिले हैं। इसके बाद शूटिंग में भारत ने 22 मेडल अपने नाम किए हैं। 30 भारतीय एथलीटों ने अब तक एक से अधिक पदक जीते हैं, जिनमें राइफलमैन ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर और पिस्टल निशानेबाज ईशा सिंह ने एक एथलीट द्वारा सबसे अधिक 4 पदक जीते हैं। वहीं 1 अक्टूबर को भारत ने एक ही दिन में सबसे अधिक 15 पदक जीते थे और अभी तक एशियन गेम्स 2023 में ऐसा कोई दिन नहीं गया जब भारत का अभियान बिना पदक के खत्म हुआ हो।
प्रधानमंत्री ने दी बधाई
एशियाई खेलों में भारत के सौ पदक पूरे होने को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि वह भारतीय दल का 10 अक्टूबर को स्वागत करेंगे. प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया,”हर अद्भुत प्रदर्शन ने इतिहास रचा और हमारा ह्रदय गर्व से भर दिया. मैं दस अक्टूबर को हमारे एशियाई खेलों के दल का स्वागत करूंगा और खिलाड़ियों से बात करूंगा.” उन्होंने कहा कि भारत के लोग रोमांचित हैं कि हमने 100 पदकों की उपलब्धि हासिल की. उन्होंने कहा,”एशियाई खेलों में भारत के लिये महत्वपूर्ण उपलब्धि. मैं हमारे शानदार खिलाड़ियों को बधाई देता हूं जिनके प्रयासों से भारत ने यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की.”